
बैन के बाद भी ‘धुरंधर’ का जादू, पाक खिलाड़ियों ने गाने पर मनाया कुछ यूं जश्न
धुरंधर फिल्म पर बैन के बावजूद उसका गाना पाकिस्तान में गूंजा। अंडर-19 एशिया कप जीत के बाद पाक खिलाड़ी उसी गाने पर नाचते दिखे। समीर मिन्हास की पारी और जश्न ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी।
इन दिनों भारत ही नहीं बल्कि विदेशों तक धुरंधर फिल्म की जबरदस्त चर्चा है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की इस फिल्म ने रिलीज के बाद से दर्शकों को बांध रखा है। हालांकि पाकिस्तान और कुछ इस्लामिक देशों में इसे बैन कर दिया गया है। वहां इसे पाकिस्तान की छवि को गलत तरीके से दिखाने वाला बताया जा रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि बैन के बावजूद फिल्म का असर वहां भी कम नहीं हुआ।
बैन भूले खिलाड़ी, गाने पर थिरके
बैन के बावजूद फिल्म का एक गाना पाकिस्तान तक पहुंच गया और वही गाना वहां जश्न का हिस्सा बन गया। अंडर 19 एशिया कप के बाद ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब पाकिस्तानी खिलाड़ी उसी गाने पर नाचते दिखे, जो फिल्म में अक्षय खन्ना की एंट्री पर बजता है। यह वीडियो Asian Cricket Council ने शेयर किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोग सवाल पूछने लगे कि जिस फिल्म को अपने देश में बैन बताया जा रहा है, उसी के गाने पर जश्न कैसे मनाया जा रहा है।
फाइनल में पाकिस्तान की ऐतिहासिक जीत
रविवार 21 दिसंबर को दुबई की आईसीसी एकेडमी में Under-19 Asia Cup 2025 का फाइनल खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को एकतरफा अंदाज में 191 रन से हराकर खिताब जीत लिया। यह पाकिस्तान की अंडर 19 एशिया कप फाइनल में पहली जीत थी, इसलिए खिलाड़ियों का उत्साहित होना स्वाभाविक था। लेकिन जश्न का तरीका ज्यादा चर्चा में आ गया।
समीर मिन्हास की पारी, भारत ढेर
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 347 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनर समीर मिन्हास ने 119 गेंदों में 172 रन की शानदार पारी खेली, जो टूर्नामेंट में उनका दूसरा शतक था। जवाब में भारतीय टीम दबाव में बिखर गई और पूरी पारी 156 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की जीत जितनी बड़ी रही, उतनी ही चर्चा उनके जश्न की भी हुई। बैन के बाद भी ‘धुरंधर’ का गाना बजना इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना गया, जिस पर अब सोशल मीडिया पर बहस तेज है।
W88 Sports News




