
IPL 2026 में नई एंट्री का धमाका, कौन हैं प्रफ्फुल हिंगे, जिसे ईशान किशन की कप्तानी में मिला मौका ?
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में प्रफ्फुल हिंगे को डेब्यू का मौका देकर सबको चौंकाया। विदर्भ के इस तेज गेंदबाज को ईशान किशन की कप्तानी में मौका मिला। अब नजर उनके प्रदर्शन और बड़े मंच पर खुद को साबित करने पर है।
आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने एक नए चेहरे को मौका देकर सबको चौंका दिया। मुल्लांपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कप्तान ईशान किशन ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव करते हुए प्रफ्फुल हिंगे को डेब्यू का मौका दिया। वहीं पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
कौन हैं प्रफ्फुल हिंगे?
24 साल के प्रफ्फुल हिंगे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ टीम के लिए खेलते हैं और नागपुर के रहने वाले हैं। इस बार आईपीएल ऑक्शन में उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा गया था। तेज गेंदबाजी करने वाले हिंगे को उनकी विविधता और लाइन-लेंथ के लिए जाना जाता है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद कई बड़ी फ्रेंचाइजियों ने उन्हें ट्रायल के लिए बुलाया था, लेकिन अंत में सनराइजर्स ने उन पर भरोसा जताया।
कोच की नजर में खास खिलाड़ी
सनराइजर्स की टीम के कोचिंग स्टाफ को प्रफ्फुल हिंगे की गेंदबाजी शैली काफी पसंद आई। वह जयदेव उनादकट की तरह मीडियम फास्ट बॉलर हैं और अलग-अलग तरह की गेंदें डालने में माहिर माने जाते हैं। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह सरप्राइज पैकेज साबित हो सकते हैं और विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।
इंटरनेशनल स्तर पर भी मिला अनुभव
प्रफ्फुल हिंगे 2022 से चेन्नई के एमआरएफ पेस फाउंडेशन से जुड़े हुए हैं, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी को और निखारा। 2024 में वह ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में ट्रेनिंग के लिए गए थे, जहां उन्होंने जोश हेजलवुड और झाए रिचर्डसन जैसे अनुभवी गेंदबाजों के साथ अभ्यास किया। इस अनुभव ने उनके खेल को और मजबूत बनाया और उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार किया।
करियर के आंकड़े और उम्मीदें
अब तक 10 फर्स्ट क्लास मैचों में प्रफ्फुल हिंगे 27 विकेट ले चुके हैं, जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 6 मैचों में 5 विकेट हासिल किए हैं। टी20 में भी उन्होंने अपनी शुरुआत कर ली है। विदर्भ की विजय हजारे ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हिंगे अब आईपीएल में खुद को साबित करने के लिए तैयार हैं। उनकी नजर इस मौके को बड़े ब्रेक में बदलने पर होगी।
W88 Sports News




