क्रिकेट

मुंबई के खिलाफ पुराना हिसाब चुकाया, पृथ्वी शॉ का बल्ला बोला, टीम बदली लेकिन इरादे वही रहे?

मुंबई के खिलाफ पृथ्वी शॉ ने बदली टीम में भी वही आक्रामक इरादे दिखाए। महाराष्ट्र के लिए 71 रन की पारी ने पुराना हिसाब चुकाया और करियर की नई शुरुआत के संकेत दिए।

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में महाराष्ट्र और मुंबई के मुकाबले ने खूब सुर्खियां बटोरीं। खास वजह रहे पृथ्वी शॉ, जिन्होंने अपनी पूर्व टीम मुंबई के खिलाफ शानदार पारी खेली। कभी मुंबई की ओर से खेलने वाले पृथ्वी अब महाराष्ट्र के लिए मैदान में उतरे और ओपनिंग करते हुए 75 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। स्ट्राइक रेट लगभग 95 का रहा, जिसने शुरुआत से ही मैच का टोन सेट कर दिया।

महाराष्ट्र की बैटिंग का तूफान
पृथ्वी शॉ की ठोस शुरुआत के बाद महाराष्ट्र की बल्लेबाजी पूरी तरह हावी नजर आई। टीम ने 50 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर 366 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। पृथ्वी के जोड़ीदार अर्शिन कुलकर्णी ने शानदार शतक जड़ा और 114 गेंदों में 114 रन बनाए। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने तीसरे नंबर पर उतरकर 66 रन की अहम पारी खेली। निचले क्रम में रामकृष्ण घोष ने सिर्फ 27 गेंदों में नाबाद 64 रन ठोककर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव और बढ़ा दिया।

बदली टीम, वही आत्मविश्वास
यह मुकाबला पृथ्वी शॉ के लिए सिर्फ एक मैच नहीं था, बल्कि पुराने रिश्तों के सामने खुद को साबित करने का मौका भी था। मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र जाने के बाद यह पहला बड़ा मौका था, जब वह अपनी पूर्व टीम के खिलाफ खेले। मैदान पर उनकी बॉडी लैंग्वेज और शॉट सिलेक्शन साफ दिखा रहा था कि आत्मविश्वास अब भी बरकरार है। घरेलू क्रिकेट में यह पारी उनके लिए बेहद अहम मानी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब वह अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।

आईपीएल से जुड़ी नई उम्मीद
घरेलू क्रिकेट में इस प्रदर्शन का असर आईपीएल पर भी पड़ता दिख रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग में पृथ्वी शॉ का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2018 में दिल्ली कैपिटल्स से डेब्यू करने वाले पृथ्वी को 2024 के बाद रिलीज कर दिया गया था और वह 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। लेकिन आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने फिर भरोसा दिखाते हुए उन्हें 75 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीद लिया। अब महाराष्ट्र के लिए दिखा यह फॉर्म उनके लिए नई शुरुआत का संकेत माना जा रहा है।

W88 Sports News