क्रिकेट

इंग्लैंड अंडर-19 टीम में बड़ा बदलाव: हमजा शेख बाहर, रॉकी फ्लिंटॉफ को मिला मौका, दूसरा यूथ टेस्ट 20 जुलाई से

भारत और इंग्लैंड अंडर-19 टीमों के बीच दो मैचों की यूथ टेस्ट सीरीज का दूसरा और निर्णायक मुकाबला 20 जुलाई से काउंटी ग्राउंड, चेम्सफोर्ड में खेला जाएगा. पहला टेस्ट मैच बेकेनहैम में ड्रॉ रहा था, जहां इंग्लैंड के कप्तान हमजा शेख ने शानदार 196 रन बनाकर टीम को हार से बचाया था.

इंग्लैंड टीम में बड़ा फेरबदल, हमजा शेख बाहर

चौंकाने वाले फैसले में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने दूसरे टेस्ट के लिए कप्तान हमजा शेख को टीम से बाहर कर दिया है. उनकी जगह अब वनडे टीम के कप्तान थॉमस रेव को टेस्ट टीम की भी कमान सौंपी गई है. यह बदलाव उस समय हैरान करता है जब हमजा ने पिछले मैच में सबसे ज्यादा रन बनाए थे.

आर्ची वॉन बाहर, रॉकी फ्लिंटॉफ को मौका

पहले टेस्ट में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले माइकल वॉन के बेटे आर्ची वॉन को टीम से बाहर कर दिया गया है. उन्होंने दोनों पारियों में क्रमशः 2 और 3 रन बनाए थे. वहीं, पूर्व इंग्लिश ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ को दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया है.

भारतीय मूल के दो खिलाड़ी भी टीम में

इस मुकाबले में भारतीय मूल के दो युवा खिलाड़ी आर्यन सावंत और जय सिंह भी इंग्लैंड की ओर से खेलते नजर आएंगे. आर्यन मिडलसेक्स और जय यॉर्कशायर से हैं. दोनों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी.

नई उम्मीदें: एडम थॉमस की एंट्री और राल्फी का ऑलराउंड प्रदर्शन

सरे के आक्रामक बल्लेबाज एडम थॉमस को पहली बार अंडर-19 टेस्ट टीम में जगह मिली है. वहीं, पहले टेस्ट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर राल्फी अल्बर्ट को फिर से मौका दिया गया है. उन्होंने 50 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी लिए थे. गेंदबाज एलेक्स फ्रेंच भी वापसी की उम्मीदों के साथ टीम में शामिल किए गए हैं.

टीम लिस्ट (इंग्लैंड अंडर-19 – दूसरा टेस्ट):

थॉमस रेव (कप्तान), राल्फी अल्बर्ट, विल बेनिसन, बेन डॉकिन्स, रॉकी फ्लिंटॉफ, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, जो हॉकिन्स, जैक होम, बेन मेयस, जेम्स मिंटो, आर्यन सावंत, जय सिंह, एडम थॉमस.