
लॉर्ड्स में रूट का राज या बुमराह की बादशाहत? तीसरे टेस्ट में भिड़ंत से पहले कांटे की टक्कर तय!
जो रूट के लॉर्ड्स में शानदार रिकॉर्ड के सामने जसप्रीत बुमराह की तेज़ गेंदबाज़ी की चुनौती होगी. तीसरे टेस्ट में इन दोनों दिग्गजों की टक्कर सीरीज की दिशा तय कर सकती है. रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है.
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की रोमांचक सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ चुकी है. पहला टेस्ट इंग्लैंड ने जीता था, तो वहीं भारत ने दूसरे मैच में शानदार वापसी करते हुए सीरीज में संतुलन बना लिया. तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी.
लॉर्ड्स का ‘किंग’ है इंग्लैंड के पास
इस ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के पास एक ऐसा खिलाड़ी है जो यहां सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रखता है—जो रूट. उन्होंने इस मैदान पर 22 टेस्ट मैचों में 2,022 रन बना डाले हैं. उनकी औसत 54.64 की है, जिसमें सात शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं. इतना ही नहीं, रूट लॉर्ड्स में 200* रन की नाबाद पारी भी खेल चुके हैं. 224 चौके उनके तकनीकी कौशल और अनुभव का प्रमाण हैं. ग्राहम गूच जैसे दिग्गज को पीछे छोड़ चुके रूट यहां के माहौल और पिच को बखूबी समझते हैं.
भारत के खिलाफ फिलहाल फीके रहे हैं रूट
हालांकि, मौजूदा सीरीज में रूट का प्रदर्शन उनके स्तर के अनुरूप नहीं रहा है. दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में उन्होंने केवल 109 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 53 रन रहा है. दूसरे टेस्ट में उनका बल्ला लगभग खामोश रहा, जहां उन्होंने सिर्फ 22 और 6 रन ही बनाए. ऐसे में तीसरे टेस्ट में रूट की फॉर्म पर सबकी निगाहें रहेंगी.
बुमराह की वापसी, होगी सीधी टक्कर
टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लॉर्ड्स में वापसी करने जा रहे हैं. बुमराह की स्विंग और पेस के सामने रूट की परीक्षा तय मानी जा रही है. दोनों के बीच यह भिड़ंत सीरीज की दिशा तय कर सकती है. लॉर्ड्स का मैदान भले ही रूट का दुर्ग हो, लेकिन बुमराह वहां उसकी दीवारें हिला सकते हैं.
कौन दिखाएगा दम, रूट या रफ्तार?
तीसरे टेस्ट में अब सबकी नजरें इस हाई-वोल्टेज भिड़ंत पर होंगी—एक ओर अनुभवी जो रूट, जिनका रिकॉर्ड लॉर्ड्स में बेजोड़ है, और दूसरी ओर जसप्रीत बुमराह, जो इस मैदान पर भारतीय जीत की चाबी बन सकते हैं. फैसला अब पिच पर होगा.




