क्रिकेट

संदीप शर्मा का बड़ा खुलासा, आईपीएल का गुप्त किस्सा बताया, कहा- प्रीति जिंटा ने रवि शास्त्री से कहकर बदलवाया फैसला

संदीप शर्मा ने आईपीएल का चौंकाने वाला किस्सा उजागर किया। उनके मुताबिक, प्रीति जिंटा ने रवि शास्त्री से बात कर प्लेयर ऑफ द मैच का फैसला बदलवाया। इस खुलासे से पंजाब किंग्स और प्रीति जिंटा की भूमिका पर फिर चर्चा शुरू हो गई।

आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ रहा। टीम पहली बार फाइनल तक पहुंची, हालांकि खिताबी जंग में उसे आरसीबी से हार का सामना करना पड़ा। मैदान पर खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से सुर्खियां बटोरीं, तो वहीं स्टैंड्स में टीम की मालकिन और बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा फैंस के बीच लगातार चर्चा में रहीं। अब पंजाब के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने एक ऐसा किस्सा साझा किया है जिसने सबको चौंका दिया है।

प्रीति जिंटा ने बदलवाया प्लेयर ऑफ द मैच!
संदीप शर्मा ने एक इंटरव्यू में बताया कि आईपीएल के दौरान एक मैच बेंगलुरु में हुआ था। उस मुकाबले में उन्होंने नई गेंद से कमाल की गेंदबाजी करते हुए विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को पवेलियन भेजा था। मैच में संदीप ने तीन बड़े विकेट चटकाए, जबकि अक्षर पटेल ने 25 रन बनाकर दो विकेट भी लिए थे।

संदीप के मुताबिक, उस मैच का प्लेयर ऑफ द मैच अक्षर पटेल को दिया जाने वाला था। लेकिन तभी प्रीति जिंटा ने कमेंट्री टीम से कहा कि यह अवॉर्ड संदीप शर्मा को मिलना चाहिए। संदीप ने दावा किया कि रवि शास्त्री से बात कर प्रीति ने फैसला बदलवाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

श्रेयस अय्यर पर भी बोले संदीप
इंटरव्यू के दौरान संदीप शर्मा ने सिर्फ प्रीति जिंटा पर ही नहीं, बल्कि श्रेयस अय्यर को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि किसी टीम को आईपीएल फाइनल तक ले जाने का मतलब यह नहीं कि वह खिलाड़ी भारतीय टीम का कप्तान बन सकता है। संदीप ने कहा,
“इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल दो बिल्कुल अलग चीजें हैं। सूर्यकुमार यादव किसी भी आईपीएल टीम के कप्तान नहीं हैं, लेकिन आज भारतीय टीम में उनकी अहमियत किसी से छुपी नहीं है। कप्तानी का मामला सिर्फ आईपीएल के प्रदर्शन से तय नहीं होना चाहिए।”

संदीप शर्मा का करियर
संदीप शर्मा 32 साल के हैं और अब तक भारत के लिए दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। आईपीएल में उनका करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। अब तक उन्होंने तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए खेलते हुए 146 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका इकॉनमी रेट महज 8.03 रन प्रति ओवर है। खास बात यह है कि संदीप शर्मा को विराट कोहली का विकेट झटकने के लिए जाना जाता है और कई बार उन्होंने इस दिग्गज बल्लेबाज को परेशान किया है।

यह खुलासा जहां फैंस को चौंका रहा है, वहीं इस बात से एक बार फिर साफ हो गया है कि पंजाब किंग्स में प्रीति जिंटा का सिर्फ मालिकाना ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों से गहरा जुड़ाव भी है।

W88 Sports News