क्रिकेट

क्या गंभीर कर रहे हैं संजू सैमसन का करियर बर्बाद? गिल को मौका, फैंस भड़क उठे

कटक T20 में संजू सैमसन को बाहर रखने और शुभमन गिल को मौका देने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। खराब फॉर्म के बावजूद गिल की लगातार एंट्री और शानदार घरेलू प्रदर्शन के बावजूद संजू की अनदेखी से फैंस और एक्सपर्ट्स चयन नीति पर सवाल उठा रहे हैं।

कटक में खेले गए भारत बनाम साउथ अफ्रीका टी20 मैच के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर संजू सैमसन को बार-बार बाहर क्यों बैठाया जा रहा है. फैंस सोशल मीडिया पर गंभीर और चयन समिति पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं. शानदार फॉर्म में चल रहे संजू को फिर प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया और उनकी जगह शुभमन गिल को मौका मिला, जो लंबे समय से टी20 फॉर्म में संघर्ष कर रहे हैं. गिल शुरुआत में चौका जरूर जड़ पाए, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट होकर वापस लौट गए. फैंस का कहना है कि बार-बार असफल होने वाले खिलाड़ी को चांस मिल रहा है, लेकिन लगातार रन बनाने वाले संजू को दरकिनार किया जा रहा है, जिससे उनका करियर नुकसान में जा रहा है.

गिल का कमजोर फॉर्म, फिर भी लगातार मौका
शुभमन गिल का टी20 में खराब दौर लगातार जारी है. पिछले 16 इंटरनेशनल टी20 मैचों में उन्होंने एक भी अर्धशतक नहीं बनाया है. आखिरी पचासा जुलाई 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ आया था. इसके बाद गिल केवल छोटी पारियां ही खेल पाए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में वह एक बार भी 50 का आंकड़ा नहीं छू सके. भारत में खेले गए हालिया आठ टी20 मैचों में वह चार बार सिंगल डिजिट पर आउट हुए हैं. ऐसे फॉर्म में किसी भी खिलाड़ी को बाहर किया जाता है, लेकिन गिल लगातार ओपनिंग कर रहे हैं और यही बात फैंस और एक्सपर्ट्स दोनों को परेशान कर रही है. चयन नीति पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर किस आधार पर गिल को बार-बार प्राथमिकता दी जा रही है.

संजू सैमसन की अनदेखी, एक्सपर्ट्स भी हैरान
दूसरी ओर संजू सैमसन की कहानी इससे बिल्कुल उलट है. वह वह खिलाड़ी हैं जिन्होंने कई मौकों पर टीम इंडिया को जीत दिलाई है. बतौर ओपनर तीन टी20 इंटरनेशनल शतक लगा चुके संजू को अचानक ओपनिंग से हटाकर नंबर 6 और 7 पर भेजा गया, जहां उनकी बल्लेबाजी का फायदा टीम को नहीं मिल पाया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्हें सिर्फ दो मैच मिले थे. अब अफ्रीका के खिलाफ भी संजू को बाहर कर जितेश शर्मा को मौका दिया गया है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि संजू को गलत स्लॉट पर भेजकर उनकी प्रतिभा को दबाया जा रहा है. इससे उनका आत्मविश्वास प्रभावित होता है और उनका करियर ठहराव में चला जाता है.

संजू की फॉर्म टॉप पर, पर नजरअंदाजगी जारी
संजू सिर्फ नाम ही नहीं, इस समय फॉर्म में भी हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में वह अब तक 6 मैच में 233 रन बना चुके हैं, जिसमें दो फिफ्टी, 26 चौके और 11 छक्के शामिल हैं. आंध्र प्रदेश के खिलाफ उनकी नाबाद 73 रन की पारी ने साबित किया कि वह किसी भी समय मैच बदलने की क्षमता रखते हैं. इसके बावजूद टीम इंडिया में उन्हें जगह नहीं मिल पाना फैंस के लिए सबसे बड़ा सवाल बन गया है. लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कौन संजू के करियर को नुकसान पहुंचा रहा है और क्यों फॉर्म में खिलाड़ियों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है. अगले मैचों में चयन समिति का रुख तय करेगा कि टीम इंडिया सही दिशा में जा रही है या नहीं.

W88 Sports News