क्रिकेट

काशी पहुंचीं सचिन की फैमिली. अंजलि और सारा की सादगी देख मंदिर में बैठे भक्त चौंके

सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि और बेटी सारा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं। सादगी भरे दर्शन और आम श्रद्धालुओं की तरह प्रसाद ग्रहण करने से दोनों ने लोगों का दिल जीत लिया और मंदिर में उनकी उपस्थिति चर्चा में रही।

सोमवार की सुबह क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर और बेटी सारा तेंदुलकर बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचीं. दोनों ने भव्य कॉरिडोर की दिव्यता देखकर गहरी श्रद्धा जताई और पूरी शांत भाव से पूजन अर्चन किया.

पूरी विधि से कराया गया विशेष दर्शन
रिपोर्ट के मुताबिक मंदिर के मुख्य अर्चक पंडित श्रीकांत मिश्रा के आचार्यत्व में दोनों ने शास्त्रोक्त विधि से बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया. पूजा के दौरान पंडित जी ने अंजलि और सारा के माथे पर त्रिपुंड तिलक लगाया.

सेलिब्रिटी का कोई रुआब नहीं दिखा
सबसे खास बात यह रही कि पूजा के बाद दोनों ने बिल्कुल साधारण श्रद्धालुओं की तरह फर्श पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया. उनके इस सादगी भरे व्यवहार ने मंदिर में मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया.

विशेष स्वागत भी हुआ
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने उनका स्वागत किया. उन्होंने मां बेटी को रुद्राक्ष की माला पहनाई और अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट किए. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता और शांति से दोनों काफी प्रभावित दिखीं.

सारा तेंदुलकर हर जगह सुर्खियों में
सारा तेंदुलकर सोशल मीडिया पर अपनी स्टाइलिश फोटोज और रील्स के लिए जानी जाती हैं. फैशन हो या ट्रैवल, उनकी हर पोस्ट फैंस के बीच चर्चा में रहती है. कुछ दिन पहले वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी गई थीं.

सारा की उपलब्धियां भी कम नहीं
सारा तेंदुलकर ऑस्ट्रेलिया सरकार के टूरिज्म कैंपेन की ब्रांड एंबेसडर हैं. मुंबई में उनका खुद का पिलेट्स स्टूडियो भी है. इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की डायरेक्टर भी हैं. यही वजह है कि वह लगातार सुर्खियों में बनी रहती हैं.

W88 Sports News