
Ranji Trophy: फिर फेल हुए सरफराज खान, छोटे भाई मुशीर खान बने टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज
रणजी ट्रॉफी में सरफराज खान का खराब फॉर्म जारी है, जबकि उनके छोटे भाई मुशीर खान ने लगातार दूसरी फिफ्टी जड़कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. हिमाचल के खिलाफ सरफराज सिर्फ 16 रन बना सके, वहीं मुशीर बने मुंबई की उम्मीद.
रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में सरफराज खान का बल्ला अब तक खामोश ही नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में एक बार फिर उन्होंने निराश किया। जहां उनके छोटे भाई मुशीर खान ने लगातार दूसरी फिफ्टी जड़कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा वहीं सरफराज का फ्लॉप शो जारी रहा।
मुंबई की खराब शुरुआत, सरफराज फिर नाकाम
हिमाचल के खिलाफ मुकाबले में मुंबई की शुरुआत बेहद कमजोर रही। केवल 35 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद मुंबई को मुशीर खान और सरफराज खान से बड़ी पारी की उम्मीद थी। मुशीर खान टीम की उम्मीदों पर खरा उतरे और शानदार फिफ्टी ठोक दी, लेकिन उनके बड़े भाई सरफराज खान फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वो 57 गेंदों में 2 चौकों की मदद से केवल 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
लगातार तीसरी नाकामी से सरफराज पर बढ़ा दबाव
राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में भी सरफराज का प्रदर्शन फीका रहा था। पहली पारी में उन्होंने 15 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी में वे 5 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। इस सीजन में अब तक सरफराज एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 42 रन रहा है। टीम इंडिया में वापसी की कोशिश कर रहे सरफराज के लिए यह फॉर्म चिंता का विषय बन गया है। टेस्ट टीम में जगह पाने की उम्मीदें तभी मजबूत होंगी जब वे लगातार रन बनाएंगे, लेकिन फिलहाल उनका बल्ला जवाब देता दिख रहा है।
मुशीर खान ने ठोकी फिफ्टी
हिमाचल के खिलाफ पहले दिन सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने 86 गेंदों में 6 चौकों की मदद से शानदार अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक बनाया है। इससे पहले उन्होंने राजस्थान के खिलाफ पहली पारी में 49 और दूसरी पारी में 63 रनों की शानदार पारी खेली थी।
मुशीर खान ने 13 फर्स्ट क्लास मैचों में 44.63 की औसत से 848 रन बनाए हैं। इसमें 3 शतक और 2 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान मुशीर खान ने 11 विकेट भी हासिल किए हैं। सफराज खान ने अब तक 58 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 63.73 की औसत से 4780 रन बनाए हैं। इसमें 16 शतक और 15 अर्धशतक शामिल है। सरफराज खान टीम इंडिया के लिए 6 टेस्ट मैच भी खेल चुके हैं।
W88 Sports News




