क्रिकेट

17 किलो वजन घटाकर लौटे सरफराज खान, केविन पीटरसन बोले – यह फोटो पृथ्वी शॉ को दिखाओ!

सरफराज खान ने दो महीनों में 17 किलो वजन घटाकर सबको चौंका दिया. उनकी फिटनेस पर केविन पीटरसन ने सराहना की और पृथ्वी शॉ को प्रेरणा लेने की सलाह दी. सरफराज की मेहनत युवाओं के लिए नई मिसाल बन सकती है.

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के बाद से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे सरफराज खान ने खुद को पूरी तरह बदल लिया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हें प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला, और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भी उन्हें टीम में नहीं चुना गया. लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी फिटनेस पर पूरा ध्यान केंद्रित किया.

सिर्फ दो महीने में 17 किलो वजन घटाया
सरफराज ने सोशल मीडिया पर अपनी नई तस्वीर शेयर करते हुए खुलासा किया कि उन्होंने महज दो महीनों में 17 किलो वजन कम किया है. उनकी फिटनेस और मेहनत की यह झलक अब क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन चुकी है. उन्होंने सोमवार, 21 जुलाई को इंस्टाग्राम स्टोरी में अपनी ट्रांसफॉर्मेशन की जानकारी दी, जिससे यह साफ हो गया कि वो अब पहले से कहीं ज्यादा फिट हैं.

केविन पीटरसन की खास प्रतिक्रिया
सरफराज की इस मेहनत पर इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन भी बेहद प्रभावित हुए. उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “शानदार एफर्ट, यंग मैन! बहुत-बहुत बधाई और मुझे भरोसा है कि यह मैदान पर बेहतर और ज्यादा लगातार प्रदर्शन की ओर ले जाएगा. किसी को यह तस्वीर पृथ्वी शॉ को भी दिखानी चाहिए. यह मुमकिन है – मजबूत शरीर, मजबूत दिमाग!”

पृथ्वी शॉ पर भी निशाना
पीटरसन का यह बयान सीधे तौर पर पृथ्वी शॉ की फिटनेस पर कटाक्ष माना जा रहा है. पिछले कुछ समय से शॉ फिटनेस के चलते मुंबई और टीम इंडिया दोनों से बाहर हैं. यहां तक कि आईपीएल 2025 की नीलामी में भी उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा.

नई प्रेरणा बन सकते हैं सरफराज
सरफराज खान की यह मेहनत आने वाले क्रिकेटरों के लिए एक मिसाल बन सकती है. यदि वह इसी तरह अपने खेल और फिटनेस पर ध्यान देते रहे, तो टीम इंडिया में उनकी वापसी तय मानी जा रही है.