
100 साल में सबसे घातक गेंदबाज, फिर भी अनदेखा! स्कॉट बोलैंड की हैट्रिक से उठा चयन की अनदेखी का सवाल
ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हैट्रिक लेकर टेस्ट औसत 16.53 किया, जो 100 साल में सबसे बेहतर है। फिर भी उन्हें कम मौके मिलते हैं। सवाल उठता है—इतनी काबिलियत के बावजूद अनदेखी क्यों?
टेस्ट क्रिकेट के 100 सालों में खेल का चेहरा पूरी तरह बदल चुका है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड ने इस दौर में भी कुछ ऐसा कर दिखाया है, जो उन्हें इतिहास में खास बना देता है. वेस्टइंडीज के खिलाफ हैट्रिक लेने के बाद बोलैंड का गेंदबाजी औसत 16.53 हो गया है, जो टेस्ट इतिहास में सातवां सर्वश्रेष्ठ है. बीते एक सदी में उनसे बेहतर औसत किसी गेंदबाज का नहीं रहा.
किंग्सटन में रचा टेस्ट हैट्रिक का इतिहास
वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन में खेले गए तीसरे टेस्ट में बोलैंड ने जस्टिन ग्रीव्स, शेमार जोसेफ और जोमेल वारिकन को लगातार गेंदों पर आउट कर अपनी पहली टेस्ट हैट्रिक पूरी की. इसके साथ ही वे टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 45वें और ऑस्ट्रेलिया के 10वें गेंदबाज बन गए.
काबिलियत पर नहीं, किस्मत पर भारी सिस्टम
इतनी घातक गेंदबाजी के बावजूद स्कॉट बोलैंड को ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में मौके बेहद कम मिले हैं. 2021 में डेब्यू करने के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने 39 टेस्ट खेले, लेकिन बोलैंड सिर्फ 14 में नजर आए. उनके साथी मिशेल स्टार्क ने भी उन्हें “बैगी ग्रीन पहनने वाला सबसे अनलकी मैन” कहा है — काबिल होने के बावजूद नजरअंदाज किया जाना ही इसका कारण है.
हर टेस्ट में चौंकाने वाला प्रदर्शन
बोलैंड ने अपने 14 टेस्ट में 62 विकेट चटकाए हैं, जिसमें एक हैट्रिक, दो बार 5 विकेट हॉल, एक बार 10 विकेट और दो बार 4 विकेट शामिल हैं. इतने सीमित मौकों में भी उन्होंने अपनी श्रेष्ठता से हर बार चयनकर्ताओं को सोचने पर मजबूर किया है. अब सवाल यह है कि आखिर इतनी घातक गेंदबाजी के बाद भी बोलैंड को पूरा हक कब मिलेगा?




