
विदेशी धरती पर पाकिस्तान की फजीहत, जबड़े से छिनी वेस्टइंडीज ने जीत, ये खिलाड़ी बना ‘विलेन’
टी20 सीरीज के दूसरे मैच में शाहीन अफरीदी की आखिरी ओवर की वाइड गेंद ने पाकिस्तान से जीत छीन ली. जेसन होल्डर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को जीत दिलाई और टीम के सबसे सफल टी20 गेंदबाज बन गए.
टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान जीत की दहलीज तक तो पहुंचा, लेकिन आखिरी ओवर की दो गेंदों ने शाहीन अफरीदी को हीरो से सीधे विलेन बना डाला. बता दें मुकाबला रोमांचक मोड़ पर था, वेस्टइंडीज को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 2 रन चाहिए थे, लेकिन तभी शाहीन ने दबाव में आकर वाइड गेंद फेंक दी. जिसके बाद सारा समीकरण ही बदल गया. अगली ही गेंद पर जेसन होल्डर ने चौका जड़कर पाकिस्तान के हाथ से मैच छीन लिया.
पाकिस्तानी फैंस में गुस्सा फूट पड़ा
जैसे ही पाकिस्तान ये मुकाबला हार गया, सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी क्रिकेटरों की जमकर आलोचना शुरू हो गई. खासकर शाहीन अफरीदी को ट्रोल करते हुए फैंस ने कहा कि जिसे हीरो बनना था, उसने जीत को गिरवी रख दिया. ट्विटर और इंस्टाग्राम पर मीम्स की बाढ़ आ गई, जहां पाकिस्तान की रणनीति और खिलाड़ियों की मानसिकता पर सवाल उठाए गए.
जेसन होल्डर बने ‘वन मैन आर्मी’
वहीं वेस्टइंडीज के लिए ये जीत सिर्फ दो पॉइंट्स की बात नहीं थी, ये जेसन होल्डर के करियर की नई ऊंचाई थी. बल्लेबाजी में आखिरी शॉट मारकर मैच जिताया, तो गेंदबाज़ी में भी 4 ओवर में 4 विकेट झटक लिए. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ड्वेन ब्रावो का रिकॉर्ड तोड़ते हुए वेस्टइंडीज के सबसे सफल टी-20 गेंदबाज बन गए हैं. होल्डर के नाम अब 81 विकेट दर्ज हो चुके हैं.
शाहीन पर फिर उठे सवाल
टीम पाकिस्तान की इस हार ने दिखा दिया कि दबाव झेलने की ताकत अभी भी कई सीनियर खिलाड़ियों में नहीं है. शाहीन अफरीदी जैसे अनुभवी गेंदबाज से फैंस को उम्मीद थी कि वो आखिरी ओवर में मैच बचा लेंगे, लेकिन एक वाइड बॉल ने उन्हें रातोंरात विलेन बना दिया. अब सीरीज 1-1 से बराबर है, और तीसरा मैच ‘करो या मरो’ की जंग बन चुका है.




