क्रिकेट

Team India के ‘गब्बर’ कहलाने वाले बल्लेबाज को ED ने क्यों बुलाया, एक क्लिक में जानें ?

टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन को ED ने अवैध सट्टेबाजी एप 1xBet के प्रमोशन केस में पूछताछ के लिए बुलाया। मामला 2000 करोड़ के अवैध कारोबार से जुड़ा है और कई सितारे पहले ही जांच के घेरे में हैं।

क्रिकेट के धाकड़ ओपनर रहे शिखर धवन अब पिच से हटकर जांच एजेंसियों की नजरों में आ गए हैं, जिसने फैंस को बड़ा झटका लगा है, दरअसल प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने धवन को अवैध सट्टेबाजी एप 1xBet के प्रचार से जुड़े केस में पूछताछ के लिए समन भेजा है. बताया जा रहा है कि धवन सोशल मीडिया पर इस प्लेटफॉर्म का प्रमोशन कर रहे थे. ईडी चाहती है कि वो अपनी भूमिका साफ करें और बताएं कि आखिर उन्होंने इस कंपनी से क्या और कैसे डील की थी. हालांकि ये कोई पहला मामला नहीं है. पिछले साल से ही कई बड़े नाम ईडी के रडार पर हैं. टीम इंडिया के पूर्व सितारे सुरेश रैना और हरभजन सिंह पहले ही एजेंसी को बयान दे चुके हैं. वहीं इस विवादित लिस्ट में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के कई चेहरे जैसे विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज और उर्वशी रौतेला भी शामिल है.अब शिखर धवन का नाम जुड़ने से यह जांच और भी हाई-प्रोफाइल हो गई है.

2000 करोड़ के खेल का दावा !
ईडी का आरोप है कि कांग्रेस के कर्नाटक विधायक केसी वीरेंद्र और उनके दुबई स्थित सहयोगी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स के जरिए महज कुछ समय में 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा का धंधा खड़ा कर लिया. अवैध कारोबार को वैध दिखाने के लिए कई पेमेंट गेटवे और फिनटेक कंपनियों का सहारा लिया गया यानी सट्टेबाजी की कमाई को ई-कॉमर्स और टेक कंपनियों की आड़ में छिपाया जा रहा था. अगस्त में ईडी ने वीरेंद्र को सिक्किम से गिरफ्तार किया था, जब वो एक कैसिनो डील के सिलसिले में वहां पहुंचे थे. फिलहाल वो एजेंसी की हिरासत में हैं.

सिर्फ प्रमोशन या गहरी साठगांठ?
अब असली सवाल यही है कि क्या क्रिकेटर्स और एक्टर्स केवल विज्ञापन का चेहरा बने, या फिर कहीं इस गोरखधंधे की गहराई में भी शामिल थे? धवन का नाम आते ही फैंस में हलचल मच गई है. ‘गब्बर’ कहलाने वाले इस बल्लेबाज को अब पिच पर नहीं, बल्कि ईडी के सवालों के सामने डटकर खेलना होगा. बता दें केंद्र सरकार ने हाल ही में असली पैसे वाले ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन ईडी लगातार इस गोरखधंधे की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आने वाले दिनों में धवन की पूछताछ से साफ होगा कि क्या वो महज ब्रांड एंबेसडर थे, या फिर करोड़ों के इस खेल में कोई गहरी कड़ी छिपी है.

W88 Sports News