क्रिकेट

बारिश ने फिर बिगाड़ा विश्व कप का खेल. श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला रद्द. भारत को मिला बड़ा फायदा

महिला वनडे विश्व कप में श्रीलंका और न्यूजीलैंड का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, जिससे भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत हुईं।

महिला वनडे विश्व कप में मंगलवार को खेले जाने वाला श्रीलंका और न्यूजीलैंड का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 258 रन बनाए थे. लेकिन न्यूजीलैंड के लक्ष्य का पीछा शुरू करने से ठीक पहले तेज बारिश ने खेल रोक दिया. लंबे इंतजार के बाद मैच रद्द घोषित कर दिया गया.

दोनों टीमों को मिला एक-एक अंक
बारिश के कारण मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला. यह विश्व कप का दूसरा मैच है जो बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका. इससे पहले श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला भी इसी कारण रद्द करना पड़ा था. अंक तालिका में अब श्रीलंका चार मैचों में दो अंक लेकर सातवें स्थान पर है. वहीं न्यूजीलैंड तीन अंक के साथ पांचवें नंबर पर बना हुआ है.

न्यूजीलैंड के लिए झटका, भारत को फायदा
पहले ही दो मैच हार चुकी न्यूजीलैंड के लिए यह मैच रद्द होना बड़ा झटका है. इससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मुश्किल में पड़ गई हैं. अब अगर न्यूजीलैंड अपने बाकी सभी मुकाबले जीत भी जाए तो उसके कुल नौ अंक ही हो पाएंगे. दूसरी ओर भारत के लिए यह नतीजा राहत की खबर है. टीम इंडिया के अभी चार अंक हैं और अगर वह अपने बचे तीनों मैच जीत लेती है तो दस अंक के साथ सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंच सकती है.

श्रीलंका की मजबूत बल्लेबाजी
मैच में श्रीलंका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. कप्तान चामरी अटापट्टू ने संयम से खेलते हुए 53 रन बनाए. वहीं निलाक्षिका डिसिल्वा ने नाबाद 55 रन की अहम पारी खेली. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी हुई जिससे टीम ने मजबूत स्कोर बनाया.

भारत का अगला मुकाबला इंग्लैंड से
टीम इंडिया अब तक चार मैच खेल चुकी है. उसने पाकिस्तान और श्रीलंका को हराया है जबकि साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हार झेली है. भारत का अगला मुकाबला 19 अक्टूबर को इंग्लैंड से होगा. इसके बाद टीम 23 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और 26 अक्टूबर को बांग्लादेश से भिड़ेगी. अब नजरें मौसम और प्रदर्शन दोनों पर टिकी हैं क्योंकि बारिश एक बार फिर टूर्नामेंट की दिशा बदल सकती है.

W88 Sports News