क्रिकेट

स्वास्तिक चिकारा की तूफानी पारी से नॉर्थ जोन बना FCI इंटर जोनल चैंपियन, वेस्ट जोन को 37 रन से हराया

बल्लेबाजी में नाबाद शतक और गेंदबाजी में दो विकेट लेकर स्वास्तिक ने अकेले दम पर पलटा फाइनल का रुख, आईपीएल में नहीं मिला था मौका, यहां बन गए हीरो

तमिलनाडु के सलेम में जीवीएस क्लब ग्राउंड पर 5 अगस्त 2025 को खेले गए 54वें ऑल इंडिया एफसीआई इंटर जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 के फाइनल में नॉर्थ जोन ने शानदार प्रदर्शन किया. इस दौरान नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन के खिलाफ 37 रनों से बाजी मार ली. इस मुकाबले में नॉर्थ जोन टीम की जीत के हीरो स्वास्तिक चिकारा बने. जी हां ये वही स्वास्तिक चिकारा हैं, जो आईपीएल 2025 में आरसीबी की टीम का हिस्सा रहे थे लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका था. हालांकि चिकारा ने इस मैच में तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को चैंपियन बना दिया है.

इस मैच में वेस्ट जोन ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया था, जो कि पूरी तरह से गलत साबित हुआ. इस दौरान नॉर्थ जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 197 रन का स्कोर खड़ा कर दिया. इस मुकाबले में स्वास्तिक चिकारा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया. स्वास्तिक चिकारा ने ओपनिंग करते हुए नाबाद 114 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने केवल 68 गेंदों का सामना किया. इस पारी की खास बात ये भी रही कि इसमें केवल 1 चौका और 11 शानदार छक्के शामिल रहे, जिससे उनका स्ट्राइक रेट 167.6 रहा.

स्वास्तिक ने अपने इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम को पहली पारी में ही मजबूत स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया. नॉर्थ जोन की पारी में चिकारा का योगदान सबसे बड़ा रहा और वे नाबाद लौटे. जिससे टीम का स्कोर 2 विकेट खोकर 197 रनों तक पहुंचा दिया. स्वास्तिक के अलावा नितिन सैनी ने भी 55 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने 37 गेंदों में 7 चौके जड़ें और उनका स्ट्राइक रेट 148.6 का रहा. दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की.

इतना ही नहीं स्वास्तिक चिकारा ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी कमाल करके दिखा दिया. इस मैच में चिकारा ने 4 ओवर फेंके और 2 विकेट हासिल किए. हालांकि स्वास्तिक चिकारा ने इस दौरान 50 रन भी खर्च कर दिए. इसके बावजूद भी वेस्ट जोन टीम 18.3 ओवर में 160 रन बना कर ऑलआउट हो गई.