
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने IPL 2025 में धमाकेदार शतक ठोककर सुर्खियां बटोरी थीं, अब एक नए खेल में कदम रख रहे हैं. महज 14 साल की उम्र में इंग्लैंड के दौरे पर अपनी बल्लेबाजी का जलवा बिखेरने के बाद यह युवा स्टार अब प्रो कबड्डी लीग (PKL) 2025 में एंट्री कर रहे हैं.
नेशनल स्पोर्ट्स डे पर खास शुरुआत
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन का आगाज 29 अगस्त को विशाखापत्तनम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में नेशनल स्पोर्ट्स डे के मौके पर होगा. उद्घाटन समारोह में बैडमिंटन लीजेंड पुलेला गोपीचंद, पूर्व हॉकी कप्तान धनराज पिल्लै, कबड्डी सुपरस्टार प्रदीप नरवाल और टीम इंडिया के अंडर-19 बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मौजूद रहेंगे. यह पहली बार होगा जब एक क्रिकेटर इतने कम उम्र में PKL के मंच पर कदम रखेगा.
वैभव की उत्साहभरी प्रतिक्रिया
अपने नए सफर को लेकर वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “नेशनल स्पोर्ट्स डे मुझे हमेशा याद दिलाता है कि खेल किस तरह लोगों को जोड़ते हैं. खेल हमें टीम वर्क और अनुशासन सिखाते हैं. राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बनकर मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं और उम्मीद करता हूं कि मेरे जैसे और बच्चे भी खेलों में उतरेंगे और खुद पर विश्वास करेंगे.”
PKL 2025 का नया फॉर्मेट
इस सीजन को और रोमांचक बनाने के लिए कई बदलाव किए गए हैं. अब सभी मैचों का नतीजा निकलेगा, ड्रॉ की गुंजाइश नहीं होगी. लीग और प्लेऑफ के बीच एक नया ‘प्ले-इन’ चरण जोड़ा गया है. शीर्ष दो टीमें सीधे क्वालिफाई करेंगी, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें मिनी क्वालिफायर खेलेंगी. पांचवीं से आठवीं रैंक वाली टीमें प्ले-इन राउंड से आगे बढ़ने की जंग लड़ेंगी.
चार शहरों में होगा रोमांच
प्रो कबड्डी लीग 2025 के मुकाबले चार शहरों – विशाखापत्तनम, जयपुर, चेन्नई और दिल्ली में खेले जाएंगे. विशाखापत्तनम, जयपुर और चेन्नई में डबल हेडर होंगे, जबकि दिल्ली में एक ही दिन तीन-तीन मुकाबले देखने को मिलेंगे. टूर्नामेंट का पहला मैच तेलुगु टाइटंस और तमिल थलाइवाज के बीच खेला जाएगा.
कहां देख सकेंगे दर्शक
PKL 2025 के सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित होंगे. मोबाइल दर्शकों के लिए जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी. पिछले सीजन का खिताब हरियाणा स्टीलर्स ने जीता था और इस बार रोमांचक फॉर्मेट के चलते मुकाबले और भी ज्यादा दिलचस्प होने वाले हैं.
W88 Sports News




