
5 खूबियों ने बनाया वैभव सूर्यवंशी को ‘T20 का विस्फोटक सितारा’, संगकारा ने किया खुलासा
वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग की 5 खूबियों का खुलासा संगकारा ने किया, जिनमें टाइमिंग, बैट स्विंग, शांत मूवमेंट, जोश और जबरदस्त पावर शामिल हैं. संगकारा ने उन्हें T20 के लिए परफेक्ट पैकेज बताया.
वैभव सूर्यवंशी सोशल मीडिया पर अपनी तूफानी बल्लेबाजी को लेकर खूब चर्चा में रहते हैं, लेकिन हाल ही में वायरल हुआ एक वीडियो उनकी स्ट्रोक्स की नहीं, बल्कि उनकी खासियतों की बखान करता है. ये वीडियो करीब 67 सेकंड का है, जिसमें श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ और राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट डायरेक्टर कुमार संगकारा ने वैभव की बल्लेबाज़ी की 5 प्रमुख खूबियों का खुलासा किया है.
संगकारा की नज़र में पहली झलक
संगकारा बताते हैं कि 2023 में राजस्थान रॉयल्स की टीम मैनेजमेंट की तरफ से उन्हें एक टेक्स्ट आया था: “एक खास खिलाड़ी है, उसे देखना है.” संगकारा ने वैभव को पहली बार गुवाहाटी के नेट्स में लाइव देखा और वहीं से उनकी प्रतिभा पर मुहर लग गई.
खासियत नंबर 1: टाइमिंग का जादू
संगकारा के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी के पास शॉट खेलने के लिए बहुत अधिक समय होता है. यही खूबी बड़े बल्लेबाज़ों की पहचान होती है, जो उन्हें भीड़ से अलग बनाती है.
खासियत नंबर 2: बैट स्विंग की ताकत
दूसरी बात जो संगकारा ने नोट की, वह थी वैभव की बैट स्विंग. उनका बल्ला बेहद फ्लुएंट और स्मूद तरीके से घूमता है, जिससे गेंद सीमारेखा पार करना आसान हो जाता है.
खासियत नंबर 3: शांत मूवमेंट, क्लीन हिटिंग
तीसरी खूबी है कि वैभव क्रीज़ पर कम मूवमेंट करते हैं, और जो करते हैं वो बेहद साधारण और सटीक होता है. इससे उनकी बैलेंस और पावर परफॉर्मेंस जबरदस्त रहती है.
खासियत नंबर 4: जोश और नया ट्राई करने का जज़्बा
वैभव में हिम्मत की कोई कमी नहीं है. वो नए शॉट्स खेलने से डरते नहीं, बल्कि उन्हें आज़माते हैं. यही एटीट्यूड T20 के लिए जरूरी होता है.
खासियत नंबर 5: बल्ले की आवाज, गनशॉट जैसी
आखिरी और शायद सबसे खतरनाक खूबी है उनकी पावर. संगकारा कहते हैं जब वैभव का बल्ला गेंद से टकराता है, तो जो आवाज आती है वो किसी गनशॉट से कम नहीं होती.
T20 क्रिकेट के लिए परफेक्ट पैकेज
वीडियो के अंत में संगकारा ने दावा किया कि वैभव सूर्यवंशी में T20 क्रिकेटर की सारी खूबियां मौजूद हैं. उनके मुताबिक, वैभव भविष्य में एक बड़ा नाम बनने जा रहे हैं और उन्होंने IPL में इस युवा की एंट्री को सही कदम बताया.




