क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी का फिर दिखा कहर, 14 छक्कों से हिला विश्व क्रिकेट… क्या भारत को मिला नया तूफानी सुपरस्टार?

अंडर-19 एशिया कप में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 14 छक्कों और 171 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर दुनिया को चौंका दिया। UAE के खिलाफ इस विस्फोटक प्रदर्शन ने उन्हें भारत का नया उभरता सुपरस्टार बना दिया।

दुबई के मैदान में अंडर-19 एशिया कप की शुरुआत जिस तरह हुई, उसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही मुकाबले में 14 छक्कों और 7 चौकों की गूंज से पूरा विश्व क्रिकेट हिला दिया। सिर्फ 56 गेंदों में शतक और 84 गेंदों में 150… यह किसी अनुभवी खिलाड़ी के आंकड़े लगते हैं, लेकिन कमाल किया 14 साल के इस भारतीय बल्लेबाज ने। UAE के गेंदबाज समझ ही नहीं पाए कि उन्हें कौन-सा तूफान उड़ा ले गया। वैभव की इस पारी ने न सिर्फ मैच का रुख बदल दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी भारी हलचल मचा दी। क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक कह रहे हैं कि इतनी कम उम्र में ऐसा विस्फोटक खेल बेहद दुर्लभ है।

फिफ्टी से सौ तक- रफ्तार ने सबको चौंकाया

वैभव की पारी की शुरुआत शांत थी, लेकिन जैसे ही उन्होंने टाइमिंग पकड़ी, फिर गेंदबाजों के लिए कोई मौका नहीं छोड़ा। 30 गेंदों पर फिफ्टी और उसके बाद मात्र 26 गेंदों में अगला पचास ठोककर शतक पूरा किया। यह वही खेलने का अंदाज़ है जो दुनिया रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स में देखती है UAE ने दो बार उनका कैच टपकाया, पहले 28 और फिर 85 पर, और दोनों जीवनदानों को वैभव ने सोने में तब्दील कर दिया। नतीजा 171 रन की विनाशकारी पारी जिसने UAE की गेंदबाजी को पूरी तरह तोड़कर रख दिया।

लगातार साबित कर रहे हैं बड़ा खिलाड़ी

यह पहली बार नहीं है जब वैभव ने विरोधी गेंदबाजों पर कहर ढाया हो। इससे पहले राइजिंग एशिया कप में भी UAE के खिलाफ 42 गेंदों पर 144 रन की पारी खेल चुके हैं। इसी सीजन में SMAT में 108 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के सबसे कम उम्र के शतकवीर बने। चाहे यूथ टेस्ट हो, यूथ वनडे या इंडिया-A के लिए मौके वैभव जहां भी उतरे, रनों की झड़ी लगा दी। एक्सपर्ट्स मान चुके हैं कि वैभव तकनीक और ताकत दोनों में बड़े स्तर के खिलाड़ी के गुण दिखाते हैं।

भारत का नया तूफानी सुपरस्टार?

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी सिर्फ आक्रामक नहीं, बल्कि मैच का रुख अकेले बदलने की क्षमता भी रखती है। UAE के गेंदबाजों को 14 छक्कों की बौछार ने हिला दिया और विश्व क्रिकेट को एक नया संदेश दिया भारत की अगली पीढ़ी पहले से ज्यादा विस्फोटक है। फैंस वैभव की तुलना पांड्या, रोहित और विराट जैसे खिलाड़ियों से कर रहे हैं, जबकि कई एक्सपर्ट्स कहने लगे हैं कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले मैचों में वैभव कौन-सा नया इतिहास लिखते हैं, इस पर अब हर क्रिकेटप्रेमी की नजरें टिकी हुई है।

W88 Sports News