क्रिकेट

कौन है हरभजन सिंह से बात करने से इनकार करने वाली श्रीसंत की बेटी श्रीसांविका

पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह रविचंद्रन अश्विन के शो में मेहमान बने थे। इस दौरान उन्होंने आईपीएल के एक किस्से के बारे में बताया है। जिसके बाद से श्रीसंत की बेटी श्रीसांविका काफी सुर्खियां में आ गई हैं। क्या है पूरी बात? जानिए..

हरभजन सिंह के शो से श्रीसंत की बेटी हुई वायरल

इंडियन प्रीमियर लीग में हरभजन सिंह और श्रीसंत का थप्पड़ कांड काफी सुर्खियों में रहता है। उस कांड में जब हरभजन सिंह ने मैदान पर ही तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था। हालांकि, सालों बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच सुलह हो गई, लेकिन इस कड़वी याद ने एक नया मोड़ तब लिया, जब श्रीसंत की 10 साल की बेटी श्रीसांविका ने हरभजन से बात करने से इनकार कर दिया था। इसका खुलासा खुद हरभजन सिंह ने एक इंटरव्यू में किया था।

पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह रविचंद्रन अश्विन के शो में मेहमान बने थे। इसी दौरान उन्होंने IPL 2008 की विवादित घटना को याद करते हुए बताया कि वह अब उस घटना पर पछताते हैं और कई बार श्रीसंत से माफी भी मांग चुके हैं, लेकिन जब वह एक बार श्रीसंत की बेटी से मिलने पहुंचे, तब उन्होंने सोचा नहीं था कि एक मासूम बच्ची उस थप्पड़ वाली घटना के चलते उनसे बात करने से इनकार कर देगी।

हरभजन ने बताया कि जब मैं श्रीसंत की बेटी श्रीसांविका से मिला तो मैंने उससे बात करने की कोशिश की। लेकिन उसने कहा, ‘आपने मेरे पापा को थप्पड़ मारा था, मैं आपसे बात नहीं करूंगी।’ यह सुनकर मेरा दिल टूट गया था और मैं रो पड़ा था।”

कौन है श्रीसांविका

भारतीय टीम के पूर्व पेसर श्रीसंत ने 2013 में भुवनेश्वरी कुमारी से शादी की थी। जिसके दो साल बाद 2015 में उनके घर एक बेटी का जन्म हुआ था, जिसका नाम श्रीसांविका रखा गया है। इसी लड़की का नाम ‘सांवी’ है। श्रीसांविका भले ही 2008 की उस घटना के समय पैदा नहीं हुई थीं, लेकिन जैसे ही उन्हें अपने पिता की उस पुरानी घटना का पता चला, उन्होंने अपने मन में हरभजन के लिए दूरी बना ली थी। यह बात खुद हरभजन के लिए भी बेहद चौंकाने और भावुक कर देने वाली थी।

हरभजन सिंह ने क्या कहा

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें अपने करियर की किसी एक घटना को बदलने का मौका मिले, तो वो IPL 2008 की वही थप्पड़ वाली घटना बदलना चाहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अब वो और श्रीसंत काफी अच्छे दोस्त हैं, लेकिन उस समय की एक भूल आज तक उन्हें परेशान करती है।