
क्रिकेट से कोर्टरूम तक! युवराज-उथप्पा को ED का समन – क्या खुलेंगे 1xBet के राज़?
ED ने 1xBet मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को तलब किया है। दोनों से 22-23 सितंबर को पूछताछ होगी। सोनू सूद समेत कई बॉलीवुड हस्तियां भी जांच के दायरे में हैं।
ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में अब भारतीय क्रिकेट के बड़े नाम घिरते नजर आ रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को तलब किया है. सूत्रों के मुताबिक, उथप्पा को 22 सितंबर को और युवराज सिंह को 23 सितंबर को दिल्ली स्थित ED हेडक्वार्टर में पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
सिर्फ क्रिकेटर ही नहीं, बॉलीवुड भी रडार पर
युवराज और उथप्पा के अलावा अभिनेता सोनू सूद को भी 23 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. यह जांच सिर्फ एक-दो नामों तक सीमित नहीं है. इससे पहले सुरेश रैना और शिखर धवन को भी नोटिस भेजकर पूछताछ हो चुकी है.
1xBet से जुड़ा पूरा मामला
ED की यह कार्रवाई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़ी है. यह वही कंपनी है जो दुनिया भर में हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगाने की सुविधा देती है और 70 भाषाओं में अपनी सेवाएं देती है. लेकिन अब इस पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और टैक्स चोरी का आरोप है.
करार, पैसे और डील के सवाल
ED युवराज सिंह और उथप्पा से यह जानना चाहती है कि उनका 1xBet से क्या रिश्ता है. क्या उन्होंने किसी करार पर साइन किए थे? उन्हें कितनी रकम मिली? और इन पैसों का इस्तेमाल कहां हुआ? इन सभी सवालों के जवाब अगले कुछ दिनों में सामने आ सकते हैं.
PMLA के तहत सख्त जांच
यह पूरा मामला धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज है. ED का फोकस इस बात पर है कि कहीं खिलाड़ियों का नाम मनी लॉन्ड्रिंग या टैक्स चोरी से तो नहीं जुड़ रहा. ऐसे में 22 और 23 सितंबर की पूछताछ क्रिकेट और बॉलीवुड दोनों के लिए बड़ा मोड़ साबित हो सकती है.
W88 Sports News




