अन्य खेल

पेरिस ओलंपिक में विवाद का शिकार हुईं अंतिम ने विश्व चैंपियनशिप ट्रायल्स में हासिल की जीत

विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स में भारतीय महिला पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वैष्णवी पाटिल (65 किग्रा) और मनीषा भानवाला (62 किग्रा) ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई किया।

विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स में भारतीयों का शानदार प्रदर्शन

रविवार को आयोजित हुए विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स में महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला पहलवान अंतिम पंघाल ने 53 किग्रा भार वर्ग में बिना किसी परेशानी के भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि वैष्णवी पाटिल (65 किग्रा) और मनीषा भानवाला (62 किग्रा) ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ क्वालिफाई किया। उन्होंने मध्य प्रदेश की पूजा और गुजरात की हिनाबेन को बिना एक भी अंक गंवाए हराया और विजेता बनीं।

अंतिम पंघाल ने विश्व चैंपियन बनकर बटोरी थी सुर्खियां

भारतीय महिला पहलवान अंतिम पंघाल ने साल 2022 में देश की पहली अंडर-20 विश्व चैंपियन बनकर सुर्खियां बटोरी थीं। फिर साल 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए भी उन्होंने क्वालिफाई किया था। लेकिन वो विवादों में घिर गई थीं। पेरिस में मैट में उनका प्रदर्शन फीका रहा और उन्होंने अपनी बहन को अपने मान्यता कार्ड पर खेल गांव भेजकर बड़ा विवाद भी खड़ा कर दिया था

इसपर बात करते हुए अंतिम ने कहा था कि ‘महासंघ को मुझसे कोई समस्या नहीं थी। भ्रम की स्थिति थी, मैंने भी गलती की। मुझे अहसास नहीं हुआ। ओलंपिक खेल एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप से अलग है। मुझे ज्यादा जानकारी नहीं थी। एशियाई खेलों में भी खेल गांव था लेकिनहांग्झोउ में एक होटल में रुके थे। इसलिए भ्रम की स्थिति थी, मैंने ऐसा माहौल पहले कभी नहीं देखा था। दबाव था और इसका असर मैच में भी हुआ। फिर मुझे शिविर में आने के लिए कहा गया। महासंघ ने मेरी मदद की। मुझे दो टूर्नामेंट में भेजा गया जहां मैंने स्वर्ण पदक जीता। मैं कभी भी चीजों को हल्के में नहीं लेती। मुकाबले किसी भी तरफ जा सकते हैं।’