
फ्रेंच ओपन से बाहर हुआ भारत! उन्नति हुड्डा की हार के साथ खत्म हुआ सफर
फ्रेंच ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का अभियान खत्म हो गया. उन्नति हुड्डा, रोहन कपूर-रुथविका गद्दे और कविप्रिया-सिमरन जोड़ी दूसरे दौर में हार गईं. इससे पहले लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग भी बाहर हो चुके थे.
फ्रेंच ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का सफर दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ सका. गुरुवार को उन्नति हुड्डा, रोहन कपूर-रुथविका गद्दे और कविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी की जोड़ी हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
उन्नति हुड्डा की चुनौती हुई खत्म
18 वर्षीय उन्नति हुड्डा को बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट के दूसरे दौर में चीन की वांग झीयी के खिलाफ 21-14, 21-11 से हार का सामना करना पड़ा. विश्व रैंकिंग में 35वें स्थान पर काबिज उन्नति 39 मिनट में मैच हार गईं. वांग झीयी इस वक्त दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी हैं.
पहले गेम में दिखाया दम, लेकिन जीत नहीं सकीं
पहले दौर में मलेशिया की लेत्शाना करुपाथेवन को हराने के बाद उन्नति ने शानदार शुरुआत की थी. उन्होंने वांग झीयी के खिलाफ पहले गेम में 4-3 की बढ़त बनाई, लेकिन जल्द ही चीनी खिलाड़ी ने लय पकड़ ली और पहला गेम जीत लिया. दूसरे गेम में उन्नति ने शुरुआती दो अंक जरूर लिए, मगर वांग झीयी ने लगातार 11 अंक बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
रोहन-रुथविका की जोड़ी भी हारी
इससे पहले मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुथविका गद्दे का अभियान भी खत्म हो गया. भारतीय जोड़ी को फ्रांस की थॉम गिक्वेल और डेल्फिन डेलरू की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से 21-23, 8-21, 17-21 से हार झेलनी पड़ी. यह मुकाबला एक घंटे 15 मिनट तक चला.
महिला युगल में भी निराशा
महिला युगल वर्ग में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी की जोड़ी को कोरिया की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी किम हये जियोंग और कोंग ही योंग से 34 मिनट में 21-7, 21-9 से हार का सामना करना पड़ा.
लक्ष्य सेन और चिराग-सात्विक भी पहले ही हार चुके
इससे पहले पुरुष एकल में लक्ष्य सेन और पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी शुरुआती दौर में ही हारकर बाहर हो चुके हैं. इस तरह फ्रेंच ओपन 2025 में भारत का पूरा अभियान खत्म हो गया.
W88 Sports News




