
ब्रेक के बाद ब्रेकथ्रू: अनिसिमोवा ने सबालेंका को हराकर रचा इतिहास, पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचीं
अमांडा अनिसिमोवा ने विम्बलडन 2025 में आर्यना सबालेंका को हराकर पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलना तय किया। मानसिक स्वास्थ्य से उबरने के बाद यह वापसी उनके करियर की सबसे बड़ी जीतों में शामिल हो गई है।
13वीं वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा ने विम्बलडन 2025 में बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में प्रवेश किया. यह जीत सिर्फ कोर्ट पर ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता की भी मिसाल है. 23 वर्षीय अनिसिमोवा ने दो घंटे 36 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले को चौथे मैच प्वाइंट पर फोरहैंड विनर लगाकर अपने नाम किया.
ब्रेक से वापसी तक की प्रेरणादायक कहानी
मई 2023 में मानसिक स्वास्थ्य से जूझने के कारण अनिसिमोवा ने टेनिस टूर से ब्रेक ले लिया था. उन्होंने स्वीकार किया था कि वे लगभग एक साल से बर्नआउट और मानसिक तनाव का सामना कर रही थीं. न्यू जर्सी में जन्मी और फ्लोरिडा में पली-बढ़ी अमांडा ने 2019 फ्रेंच ओपन में 17 वर्ष की उम्र में सेमीफाइनल तक पहुंचकर सनसनी मचाई थी. लेकिन इसके बाद उनका करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा.
चैंपियन को हराने वाली चैंपियन बनने की ओर
आर्यना सबालेंका, जिन्होंने अक्टूबर 2024 में इगा स्वियातेक को पछाड़कर WTA रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था, लगातार चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने से चूक गईं. यदि वे इस मुकाबले में जीततीं, तो सेरेना विलियम्स के बाद यह कारनामा करने वाली पहली खिलाड़ी बनतीं. पिछले साल उन्होंने अमेरिकी ओपन जीतकर अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल किया था.
फाइनल में नई चुनौती, नई चैंपियन तय
अब अनिसिमोवा का सामना शनिवार को इगा स्वियातेक और बेलिंडा बेनसिच के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से होगा. दिलचस्प बात यह है कि विम्बलडन में लगातार आठवीं बार नई महिला चैंपियन मिलेगी. इस ऐतिहासिक जीत के साथ यह तय हो गया है कि विम्बलडन के बाद अनिसिमोवा पहली बार WTA रैंकिंग के टॉप 10 में प्रवेश करेंगी — चाहे फाइनल में नतीजा कुछ भी हो.




