टेनिस

विंबलडन खत्म होते ही 29 साल की खिलाड़ी ने किया ब्रेक का ऐलान, बोलीं ‘ये अलविदा नहीं है’

विंबलडन खत्म होने के बाद टेनिस जगत से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दो बार विंबलडन का हिस्सा रह चुकी ओन्स जबेउर ने टेनिस से ब्रेक का ऐलान किया है। ये फैसला खिलाड़ी ने इमोशनल वजह से लिया है। इसे लेकर उन्होंने कहा कि टेनिस खूबसूरत खेल है।

ओन्स जबेउर ने किया ब्रेक का ऐलान

विंबलडन खत्म होने के बाद ओन्स जबेउर ने टेनिस से अनिश्चितकालीन ब्रेक लेने की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, खिलाड़ी ने ये फैसला स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए लिया है। खास बात ये है कि उनकी ये घोषणा विंबलडन के पहले दौर में बाहर होने के बाद आई है, जहां उन्हें विक्टोरिया टोमोवा के खिलाफ चोट के कारण रिटायर होना पड़ा था। ये पल विशेष रूप से मार्मिक था, क्योंकि जबेउर का ऑल इंग्लैंड क्लब के साथ भावनात्मक जुड़ाव है।

महज 29 साल की ओन्स जबेउर ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि “पिछले दो सालों से, मैं खुद को बहुत मेहनत से आगे बढ़ा रही हूं, चोटों से जूझ रही हूं और कई अन्य चुनौतियों का सामना कर रही हूं। लेकिन, अंदर से खुशी महसूस नहीं कर रही हूं। टेनिस एक बहुत ही खूबसूरत खेल है। लेकिन, मुझे लगता है कि एक कदम पीछे हटने और खुद को प्राथमिकता देने का समय आ गया है। सांस लेने, ठीक होने और बस जीने के आनंद को फिर से खोजने का समय आ गया है। ये अलविदा नहीं, बल्कि एक विराम है। मैं आप सभी से जुड़ी रहूंगी और इस सफर को आप सभी के साथ साझा करूंगी। आपका समर्थन और प्यार मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं इसे हमेशा अपने साथ रखती हूं। ”

दो बार विंबलडन फाइनल खेल चुकी हैं ओन्स जबेउर

ओन्स जबेउर को कोर्ट में उनकी कलात्मकता, चतुर ड्रॉप शॉट के साथ-साथ विनम्रता और हास्य के लिए भी जाना जाता है। साल 2022 में डब्ल्यूटीए रैंकिंग में करियर के सर्वोच्च दूसरे स्थान पर उनका उदय अरब और अफ्रीकी टेनिस के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी। जबेउर न सिर्फ ट्यूनीशिया की बल्कि अरब और अफ्रीका की पहली महिला हैं, जिन्होंने विंबलडन का फाइनल खेला है। ओन्स जबेउर ने 2022 और 2023 में विंबलडन का फाइनल खेला था। हालांकि, दोनो ही बार उन्हें सिर्फ हार का ही सामना करना पड़ा है।