
नोवाक जोकोविच ने विंबलडन से पहले भरी हुंकार, रिटायरमेंट से लेकर टूर्नामेंट में जीत को लेकर कही खास बात
विंबलडन की शुरुआत 30 जून से होने वाली है। इसके लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं। सोमवार से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट को लेकर नोवाक जोकोविच काफी उत्साहित हैं। 38 साल के दिग्गज खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट को लेकर कहा कि विंबलडन उनके चैंपियन बनने की राह में सबसे अच्छा मौका है। इसी के साथ ही खिलाड़ी ने रिटायरमेंट को लेकर भी बात की है।
रिटायरमेंट को लेकर क्या बोले नोवाक जोकोविच
विंबलडन की शुरुआत 30 जून से होगी, जहां पर नोवाक जोकोविच इस खिताब के प्रबल दावेदार हैं। खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेंगे। 38 साल के खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट को लेकर बात की। साथ ही जब उनके रिटायरमेंट को लेकर इस सवाल पर कोई रिएक्शन नहीं दिया। नोवाक जोकोविच ने कहा कि इसको लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता है। नोवाक जोकोविच मंगलवार को पहले दौर में एलेक्जेंडर मुलर का सामना करेंगे।
नोवाक बोले ये हो सकता है आखिरी ग्रैंड स्लैम
टेनिस के दुनिया के महारथी नोवाक जोकोविच ने विंबलडन से पहले इसे जीतने की बात की है। साथ ही खिलाड़ी इस विंबलडन को आखिरी बता कर फैंस का दिल भी तोड़ दिया है। नोवाक जोकोविच ने एक बातचीत में कहा कि ‘क्या ये मेरा आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट हो सकता है। इसको लेकर अभी मैं पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता हूं। मैं अगले साल फ्रेंच ओपन या किसी अन्य ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में भाग लूंगा या नहीं, इसको लेकर निश्चित नहीं हूं। मेरी इच्छा कई और साल तक खेलना है। मैं शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह फिट रहना चाहता हूं। यही मेरा लक्ष्य है लेकिन उम्र के इस पड़ाव पर आप पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकते कि आगे क्या होगा।’
7 बार नोवाक जीत चुके हैं विंबलडन
नोवाक जोकोविच ने 7 बार ये टूर्नामेंट अपने नाम किया है। इसपर बात करते हुए खिलाड़ी ने कहा कि ऑल इंग्लैंड क्लब उन्हें एक और ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने का सबसे अच्छा अवसर प्रदान कर सकता है, जिससे वो अपने करियर में कुल 25 खिताब जीत सकेंगे। नोवाक ने ऐसा इसलिए कहा है क्योंकि ये एक ऐसी संख्या जिस तक कोई भी टेनिस खिलाड़ी नहीं पहुंच पाया है। जोकोविच के शब्दों में कहें, उन्होंने कहा कि ‘मैं इस बात पर सहमत हो सकता हूं कि विंबलडन में फिर से चैंपियन बनने का यह मेरे लिए सबसे अच्छा मौका हो सकता है। यह परिस्थितियों पर निर्भर करेगा लेकिन अभी मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।’




