
विक्टोरिया मबोको ने नेशनल बैंक ओपेन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बनाई जगह
नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट में कनाडा की विक्टोरिया मबोको ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उन्होंने स्पेन की जेसिका बुजास मानेरो को हराकर इस इवेंट के सेमीफाइनल में स्थान बनाया है। महज 18 साल की विक्टोरिया मबोको ने शुरुआत धीमी की, लेकिन आखिर में जीत हासिल की।
विक्टोरिया मबोको ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट में कनाडा की किशोरी विक्टोरिया मबोको ने अपना शानदार प्रदर्शन बनाए रखा है। उन्होंने स्पेन की जेसिका बुजास मानेरो को 6-4, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वो अपने करियर के पहले डब्ल्यूटीए टूर सेमीफाइनल में पहुंची हैं। टॉप वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को हराने के दो दिन बाद टोरंटो की रहने वाली 18 साल की खिलाड़ी मबोको को लय हासिल करने में देर लगी। लेकिन उन्होंने जल्द ही मैच पर नियंत्रण बना दिया और सीधे सेट में जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में पहुंचते ही बनाया रिकॉर्ड
विक्टोरिया मबोको ने साल 2019 में बियांका एंड्रीस्कू के खिताब जीतने के बाद से इस डब्ल्यूटीए 1000 प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी हैं। वो टोरंटो में 2015 में बेलिंडा बेनकिच के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी भी हैं।
मबोको का सामना अब एलेना रिबाकिना से होगा, जिन्होंने मार्टा कोस्त्युक के हाथ में चोट लग जाने के कारण मैच के बीच में हट जाने के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई। यूक्रेन की खिलाड़ी ने जब मैच से हटने का फैसला किया तब कज़ाकिस्तान की नौवीं वरीयता प्राप्त रिबाकिना 6-1, 2-1 से आगे चल रही थी। इसी के साथ ही अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने एलेक्सी पोपिरिन को हराकर नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।




