
MLC में हेटमायर का तूफान! नाबाद पारियों से उड़ा दिए गेंदबाज, तीन मैचों में 239 रन और 22 छक्कों की बरसात
MLC 2025 में सिएटल ओर्कास का मुकाबला जब सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न से हुआ, तो टीम ने 89 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन हेटमायर ने हालात को पलट कर रख दिया.
शिमरोन हेटमायर—नाम तो सुना ही होगा. IPL में वैभव सूर्यवंशी के साथ खेलने वाले इस कैरेबियाई बल्लेबाज का बल्ला इस वक्त अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2025) में आग उगल रहा है. वो टीम के संकटमोचक भी बन चुके हैं और जीत के सबसे बड़े हीरो भी. लगातार तीन मुकाबलों से वो नाबाद रहते हुए विरोधी गेंदबाजों की कमर तोड़ चुके हैं.
संकट में उम्मीद की किरण बने हेटमायर
MLC 2025 में सिएटल ओर्कास का मुकाबला जब सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न से हुआ, तो टीम ने 89 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन हेटमायर ने हालात को पलट कर रख दिया. उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर 78 रन बनाए, जिसमें 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. 210+ की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए हेटमायर अंत तक नाबाद रहे और सिएटल ओर्कास को मैच जिताकर ही लौटे.
लगातार तीन मैचों में नाबाद और तबाही जारी
सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न के खिलाफ ये पारी सिर्फ एक उदाहरण थी. इससे पहले 28 जून को लॉस एंजलिस नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों में नाबाद 64 रन ठोके थे, जिसमें 6 छक्के शामिल थे. वहीं 27 जून को मुंबई इंडियंस न्यूयॉर्क के खिलाफ 40 गेंदों में नाबाद 97 रन जड़ दिए थे, जिसमें 9 छक्के निकले थे. तीनों पारियों में हेटमायर न सिर्फ नाबाद रहे, बल्कि जीत के सूत्रधार भी साबित हुए.
MLC 2025 में बने छक्कों के बादशाह
अगर इन तीन धमाकेदार पारियों को जोड़ें तो हेटमायर ने सिर्फ तीन मैचों में 239 रन बनाए हैं और वो भी बिना आउट हुए. इन पारियों में उनके बल्ले से कुल 22 छक्के निकले. MLC 2025 के पहले तीन मैचों में उन्होंने सिर्फ 70 रन और 4 छक्के लगाए थे, लेकिन अब 6 मैचों में उनके नाम 309 रन और 26 छक्के दर्ज हैं.
हेटमायर का बदला हुआ मिजाज, गेंदबाजों पर भारी
हेटमायर का मौजूदा फॉर्म बताता है कि जब उनका बल्ला चलता है तो गेंदबाजों की कोई नहीं सुनता. फॉर्म में लौटते ही उन्होंने ये भी जता दिया है कि T20 क्रिकेट में वो किसी भी टीम का मैचविनर बन सकते हैं. सिएटल ओर्कास को अब उनसे हर मुकाबले में एक नई उम्मीद है.




