
दीप्ति शर्मा की फिरकी का कमाल: टी20 रैंकिंग में पाकिस्तानी स्टार से बस 8 कदम दूर
दीप्ति शर्मा ने टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है और अब सिर्फ 8 अंक से सादिया इकबाल से पीछे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन ने उन्हें नंबर-1 बनने की दहलीज पर पहुंचा दिया है.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने आईसीसी की ताजा टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में धमाकेदार छलांग लगाई है. उन्होंने एक स्थान की बढ़त के साथ ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. इंग्लैंड के खिलाफ जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन का यह नतीजा है.
सिर्फ 8 रेटिंग अंक का फासला
अब दीप्ति नंबर-1 रैंकिंग से सिर्फ 8 रेटिंग अंक दूर हैं. इस समय शीर्ष पर पाकिस्तान की बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल हैं, जिन्हें दीप्ति कड़ी टक्कर दे रही हैं. अगर वह इंग्लैंड के खिलाफ बाकी बचे दो टी20 मुकाबलों में भी अपनी फिरकी का जादू चलाने में सफल रहती हैं, तो वह इतिहास रचते हुए पहली बार टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर सकती हैं.
इंग्लैंड में फिरकी का जलवा
इंग्लैंड की धरती पर दीप्ति की गेंदें विरोधी बल्लेबाजों को खूब परेशान कर रही हैं. खासकर तीसरे टी20 मैच में उन्होंने 3 अहम विकेट लेकर भारत की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई थी. दीप्ति की सटीक लाइन-लेंथ और लगातार विकेट लेने की क्षमता उन्हें इस समय दुनिया की सबसे खतरनाक स्पिनर बना रही है.
छह साल से टॉप-10 में दीप्ति की स्थायी जगह
दीप्ति शर्मा पिछले छह वर्षों से टी20 रैंकिंग के टॉप-10 में बनी हुई हैं. हालांकि अब तक वह नंबर-1 स्थान तक नहीं पहुंच पाई थीं. लेकिन इस बार उनके प्रदर्शन और निरंतरता को देखते हुए क्रिकेट जानकारों का मानना है कि वह यह लक्ष्य जरूर हासिल करेंगी.
आंकड़ों में दीप्ति का दबदबा
दीप्ति शर्मा ने अब तक भारत के लिए 5 टेस्ट, 106 वनडे और 127 टी20 मुकाबले खेले हैं. उन्होंने टेस्ट में 319 रन और 20 विकेट, वनडे में 2,300 रन और 135 विकेट, जबकि टी20 में 1,093 रन और 144 विकेट अपने नाम किए हैं. गेंद और बल्ले दोनों से टीम को मजबूती देने वाली दीप्ति आज भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद चेहरों में गिनी जाती हैं.




