कबड्डी

लॉर्ड्स में गरजने को तैयार पंत, छक्कों से करेंगे ‘तीनों दिग्गजों’ को क्लीन बोल्ड

ऋषभ पंत लॉर्ड्स टेस्ट में ब्रायन लारा, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग के छक्कों के रिकॉर्ड तोड़ने के करीब हैं. उन्होंने अब तक 86 छक्के लगाए हैं और आक्रामक फॉर्म में चल रहे हैं. फैंस को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं.

टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज़ में पंत की आक्रामक बल्लेबाज़ी ने एक बार फिर सबका ध्यान खींचा है. उन्होंने पहले टेस्ट में जहां 134 और 118 रनों की धमाकेदार पारियां खेलीं, वहीं दूसरे टेस्ट में भी 25 और 65 रनों का अहम योगदान दिया.

छक्कों में सुपरफास्ट स्पीड, रिकॉर्ड्स की बरसात
ऋषभ पंत न केवल रन बना रहे हैं, बल्कि छक्कों की बारिश कर रहे हैं. अब तक खेले गए महज 45 टेस्ट मैचों में पंत 86 छक्के जड़ चुके हैं. यह आंकड़ा उन्हें टेस्ट इतिहास के टॉप छक्केबाज़ों की सूची में 12वें पायदान पर ले आता है. दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने यह मुकाम ब्रायन लारा, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों से कहीं तेज़ी से हासिल किया है.

ब्रायन लारा और रोहित शर्मा सिर्फ दो छक्कों की दूरी पर
पंत अब वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा (88 छक्के) और भारतीय ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा (88 छक्के) से सिर्फ दो छक्के पीछे हैं. अगला टेस्ट मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में शुरू होने वाला है, जहां पंत के पास इन दोनों को पीछे छोड़ने का शानदार मौका होगा.

सहवाग का भारतीय रिकॉर्ड खतरे में
भारत की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के वीरेंद्र सहवाग ने लगाए हैं — 91 छक्के. पंत इस रिकॉर्ड से महज़ 5 छक्के दूर हैं. अगर वह लॉर्ड्स टेस्ट में अपना आक्रामक अंदाज़ जारी रखते हैं, तो यह भारतीय रिकॉर्ड भी उनके नाम हो सकता है.

बेन स्टोक्स हैं सबसे आगे, पर पंत का रास्ता साफ
वैश्विक स्तर पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन स्टोक्स के नाम है, जिन्होंने 113 टेस्ट में 133 छक्के लगाए हैं. हालांकि, पंत जिस गति से आगे बढ़ रहे हैं, उसे देखकर ऐसा लगता है कि आने वाले वर्षों में यह रिकॉर्ड भी खतरे में पड़ सकता है.

नज़रे लॉर्ड्स पर, इतिहास रचने को तैयार पंत
अब सबकी निगाहें 10 जुलाई से शुरू हो रहे लॉर्ड्स टेस्ट पर हैं. क्या ऋषभ पंत ब्रायन लारा, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़कर नया इतिहास रचेंगे? जवाब के लिए इंतज़ार बस कुछ दिन का है.