
सचिन तेंदुलकर बोले ‘लॉर्ड्स क्रिकेट का घर है, वैसे ही विंबलडन टेनिस का मक्का है’
विंबलडन 2025 की धूम पूरे विश्व कप छाई हुई है। तमाम भारतीय सितारे भी इस इवेंट में शिरकत करने पहुंचे हैं। अब भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी रहे सचिन तेंदुलकर ने भी विंबलडन 2025 को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने क्रिकेट और विंबलडन की तुलना करते हुए कहा है कि अगर लॉर्ड्स को क्रिकेट का घर कहते हैं, तो विंबलडन को टेनिस का मक्का कहा जा सकता है।
विंबलडन को लेकर क्या बोले सचिन तेंदुलकर
विंबलडन 2025 में सचिन तेंदुलकर ने विंबलडन में जाने के अपने अनुभव और महत्व को लेकर कहा कि “ये अविश्वसनीय है। जैसे लोग कहते हैं कि लॉर्ड्स क्रिकेट का घर है, वैसे ही यह टेनिस का मक्का है। मैं विंबलडन देखते हुए बड़ा हुआ हूं, और सात-आठ साल की उम्र से ही, जब मैंने टेनिस को थोड़ा-बहुत समझना शुरू किया, तब से मेरे लिए हमेशा विंबलडन सबसे पहले और फिर बाकी ग्रैंड स्लैम ही रहे हैं। इसलिए मेरे लिए, ये सर्वश्रेष्ठ है। मैंने कई टेनिस खिलाड़ियों से बात की है, और वे सभी इस टूर्नामेंट को सबसे ऊपर मानते हैं।”
आगे उन्होंने कहा कि “मुझे रॉयल बॉक्स खास तौर पर बहुत पसंद है-वहां का माहौल बेजोड़ है। बैठकर मैच देखने के लिए यह सबसे अच्छी जगह है। लेकिन मैचों के अलावा, आप इतने सारे लोगों से मिलते हैं और कई तरह की बातचीत करते हैं। फैशन की बात करें तो यहां कई फैशन आइकन, हॉलीवुड सितारे, फुटबॉल खिलाड़ी और एथलीट मौजूद रहते हैं। यहां आना हमेशा एक सुखद अनुभव होता है क्योंकि आपको जिंदगी की कई नई चीजों से रूबरू कराया जाता है। और मेरे लिए, सीखना कभी बंद नहीं होता-मैं अभी भी सीख रहा हूं।”
रोजर फेडरर को लेकर सचिन तेंदुलकर क्या बोले
टेनिस स्टार रोजर फेडरर को लेकर सचिन तेंदुलकर ने काफी प्रशंसा की है। सचिन तेंदुलकर को लेकर उन्होंने कहा है कि “मैं जॉन मैकेनरो का प्रशंसक रहा हूं। मुझे याद है कि मेरे सभी दोस्त ब्योर्न बोर्ग का समर्थन करते थे, लेकिन किसी कारण से, मैं हमेशा मैकेनरो का समर्थन करता था। मैं उनकी तरह हेडबैंड भी पहनता था, इस उम्मीद में कि जब मैं अपने दोस्तों के साथ घूमूं तो लोग मुझे मैकेनरो कहेंगे”।
आगे उन्होंने कहा कि “हाल के सालों में, ये रोजर फेडरर ही है। मुझे राफेल नडाल, नोवाक जोकोविच, सभी को खेलते हुए देखना अच्छा लगता है, लेकिन किसी न किसी तरह, रोजर सबसे आगे हैं। वर्तमान खिलाड़ियों में, कार्लोस अल्काराज मुझे सचमुच प्रभावित करते हैं-उनकी ऊर्जा संक्रामक है। मुझे उनके पैरों में स्फूर्ति, उनका रवैया और फ्रेंच ओपन में दिखाई गई मानसिक दृढ़ता बहुत पसंद है। कभी हार न मानने वाली मानसिकता ही एक सच्चे चैंपियन की पहचान है”।
डबल्स के लिए सचिन की पसंद हैं युवराज
सचिन तेंदुलकर ने डबल्स के युवराज सिंह को अपनी पसंद बताया है। सचिन तेंदुलकर ने कहा कि “मैंने पहले युवराज सिंह के साथ डबल्स खेला है। हमने 2003 विश्व कप के अपने कुछ साथियों के खिलाफ टीम बनाई थी, और हम चैंपियन बने थे। इसलिए मैं फिर से युवराज को चुनूंगा -इसमें कोई शक नहीं। क्रिकेट से जुड़े होने के कारण रोजर फेडरर ही होंगे-उनकी मां दक्षिण अफ्रीकी हैं। लेकिन रोजर के अलावा, लिएंडर पेस, महेश भूपति, रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा भी हैं, जिन्होंने यहां बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय निश्चित रूप से क्रिकेट को पसंद करते हैं, और इन खिलाड़ियों ने भारतीय टेनिस के लिए जो किया है वो अद्भुत है। इसलिए कहने की जरूरत नहीं कि वे हमेशा प्रबल दावेदार रहेंगे”।




