
फुटबॉल जगत के सिर्फ 28 साल के खिलाड़ी डियोगो जोटा की कार दुर्घटना में मौत हो गई थी। जिसके बाद अब लिवरपुर के खिलाड़ी के सम्मान में उनकी जर्सी की नंबर-20 रिटायर कर दिया गया है। खिलाड़ी के सम्मान में क्लब में ये भी कहा कि ये फुटबॉलर को एक भावपूर्ण श्रृद्धांजलि दी गई है।
लिवरपूल ने जर्सी नंबर-20 किया रिटायर
लिवरपूल ने डियोगो जोटा के सम्मान में सभी स्तरों पर 20 नंबर की जर्सी को पूरी तरह से रिटायर कर दिया है। 28 साल के डियोगो जोटा ने तीन जुलाई को कार दुर्घटना में अपनी जान गंवाई थी। प्रीमियर लीग चैंपियन ने बयान में कहा कि “इस जर्सी नंबर को उन्होंने गर्व के साथ पहनकर हमें अनगिनत जीत दिलाईं। डियोगो जोटा हमेशा लिवरपूल फुटबॉल क्लब के ‘नंबर 20’ रहेंगे। ये कदम ना केवल बीते पांच सालों में रेड्स की मैदान पर सफलताओं में पुर्तगाल के हमारे इस खिलाड़ी के अथाह योगदान को दर्शाता है, बल्कि साथियों, सहकर्मियों और समर्थकों पर उनके गहरे प्रभाव को भी साबित करता है।”
कार एक्सीडेंट में हुई थी फुटबॉलर की मौत
डियोगो जोटा की मौत कार एक्सीडेंट में हुई थी। स्पेन के जमोरा प्रांत में जोटा के साथ उनके भाई आंद्रे सिल्वा भी अपनी जान गंवा बैठे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेज गति से गाड़ी चलाते समय जोटा की कार सड़क से उतर गई और टायर फटने के बाद गाड़ी में आग लग गई। एफएसजी फुटबॉल के सीईओ माइकल एडवर्ड्स ने कहा कि
“एक क्लब के रूप में हम सभी अपने समर्थकों की भावनाओं से अच्छी तरह वाकिफ थे। हमने भी बिल्कुल वैसा ही महसूस किया। हमारे लिए यह बेहद जरूरी था कि हम इस फैसले में डियोगो की पत्नी रूट और उनके परिवार को शामिल करें। ये सुनिश्चित करें कि उन्हें हमारे इस कदम के बारे में सबसे पहले पता हो। मेरा मानना है कि लिवरपूल फुटबॉल क्लब के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी खिलाड़ी को ऐसा सम्मान दिया गया। यह एक अनोखे और अद्भुत खिलाड़ी को एक अनूठी श्रद्धांजलि है।”
नेशंस लीग की खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे डियोगो जोटा
फुटबॉलर डियोगो जोटा पुर्तगाल और लिवरपूल दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी थे। प्रीमियर लीग की टीम वॉल्व्स से क्लब में शामिल होने के बाद से साल 2020 में उन्होंने प्रीमियर लीग, एफए कप और दो ईएफएल कप सहित प्रमुख ट्रॉफियां जीतने में अहम भूमिका निभाईं। डियोगो जोटा ने पुर्तगाल की ओर से 49 मैच खेलते हुए 14 गोल किए। वो उस टीम का हिस्सा थे, जिसने 2019 और 2025 में यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता।




