
लॉर्ड्स में विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ ऋषभ पंत इस मामले में बने नंबर-1
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड टीम के बीच में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। ये सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। अब सीरीज का तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक बार फिर इंग्लिश टीम के छक्के छुड़ा दिए हैं। वहीं, उनके अजीबो-गरीब तरह से आउट होने के तरीके ने भी काफी सुर्खियां बटोरी हैं। हालांकि, उन्होंने लॉर्ड्स में विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
ऋषभ पंत ने लॉर्ड्स में तोड़ा विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड के बीच में सीरीज का तीसरा मैच लॉर्ड्स के मैदान पर जारी है। इस मैच में भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में 35 छक्के जड़ दिए हैं, जिससे उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज सर विवियन रिचर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। जिनके नाम इंग्लैंड के खिलाफ 34 छक्के दर्ज थे।
शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का नाम भी लिस्ट में शामिल
इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया का हिस्सा कप्तान शुभमन गिल और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। इन दोनों ने हाल के समय में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैचों में आक्रामक बल्लेबाजी कर टेस्ट क्रिकेट में एक नया आयाम जोड़ दिया है।
1. ऋषभ पंत – 35 छक्के
2. विव रिचर्ड्स – 34
3. टिम साउदी – 30
4. यशस्वी जायसवाल – 27
5. शुभमन गिल – 26
कैसा है लॉर्ड्स में टीम इंडिया का रिकॉर्ड
भारतीय टीम और इंग्लैंड टीम के बीच सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। अब तीसरा मैच लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। यहां पर भारतीय टीम के आंकड़े देखें, तो टीम इंडिया को मैदान पर ज्यादा जीत नसीब नहीं हुई हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच में इस मैदान पर कुल 19 मैच खेले गए हैं। जिसमें टीम इंडिया ने 12 में हार का सामना किया है। वहीं, तीन में जीत मिली है और 4 मैच ड्रॉ रहे हैं। वहीं, इंग्लैंड टीम ने इस मैदान पर 145 मैच खेले हैं। जहां पर इंग्लैंड को 59 मैचों में जीत और 35 मैचों में हार मिली है। साथ ही 51 मैच ड्रॉ रहे हैं।




