
लॉर्ड्स में मोहम्मद सिराज के आउट होने पर सुनील गावस्कर ने कही इमोशनल कर देने वाली बात
भारतीय टीम को लॉर्ड्स के मैदान पर 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद टीम इंडिया की सीरीज 1-2 से पीछे हो गई है। अब बाकी के दोनों मैच मैनचेस्टर और ओवल के मैदान पर खेले जाने हैं। लॉर्डस के मैदान पर मैच बेहद रोमांचक रहा। लेकिन मोहम्मद सिराज जिस तरह से आउट हुए, उसे देखकर भारतीय फैंस का दिल टूट गया। अब सुनील गावस्कर ने भी इसपर बड़ा बयान दिया है।
मोहम्मद सिराज के आउट होने पर क्या बोले सुनील गावस्कर
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने मोहम्मद सिराज के आउट होने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी नसीब की भी जरूरत होती है और अगर नसीब भारत के साथ होता तो जो नतीजा हमने मैच का देखा, वो अलग भी हो सकता था। आखिरी विकेट को ही देखिए। सिराज ने काफी अच्छा डिफेंड किया था, लेकिन फिर भी गेंद घूमकर लेग स्टंप पर जा लगी। इंग्लैंड की बेल्स काफी हल्की हैं। अगर भारत की बेल्स होती तो वह स्टंप पर ही रहती और सिराज बैटिंग करते रहते और शायद जडेजा के साथ भारतीय टीम को जीत भी दिला देते।
सिराज के विकेट ने तोड़ा तमाम फैंस का दिल
लॉर्डस के मैदान पर भारतीय टीम के गेंदबाज मोहम्मद सिराज के आउट होने पर टीम इंडिया को हार मिली और तमाम फैंस का भी दिल टूट गया। दरअसल, लॉर्ड्स में खेले गए भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच का अंत काफी रोमांचक रहा। इस मैच में टीम इंडिया को 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड की टीम ने भारत के सामने मुकाबला जीतने के लिए 193 रनों का टारगेट रखा था। लेकिन भारतीय टीम 170 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई।
किस्मत से हारे मोहम्मद सिराज
भारतीय ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने टीम इंडिया की ओर से दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। जिसके चलते टीम इंडिया को 170 रन तक पहुंचने में कामयाब रही है। टीम ने एक समय 112 रनों पर ही 8 विकेट गंवा दिए थे और मुकाबला एकतरफा लग रहा था। लेकिन जडेजा ने जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। मोहम्मद सिराज जब बल्लेबाजी के लिए आए तो स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 147 रन था। इसके बाद सिराज ने काफी अच्छा डिफेंस दिखाया और जडेजा स्कोर को आगे बढ़ाने का काम करते रहे। तभी 75वें ओवर में शोएब बशीर की एक गेंद पर सिराज डिफेंस करते हुए आउट हो गए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।




