Eventक्रिकेट

भारत पाकिस्तान मैच हुआ रद्द, विश्व विजेता भारतीय खिलाड़ियों ने लिया था नाम वापस

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स का दूसरा सीजन शुरू हो चुका है। जहां पर युवराज सिंह की कप्तानी वाली इंडिया चैंपियंस की भिड़त पाकिस्तान के साथ थी। पहले खबर आई थी कि भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ खेलने से साफ इनकार कर दिया है। तो अब वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में भारतीय टीम के पहले ही मैच रद्द कर दिया गया है। क्या है पूरी बात? जानिए…

रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मैच

जैसा कि हमने आपको बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स का दूसरा सीजन खेला जा रहा है। जहां पर रविवार 20 जुलाई को भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच होने वाला मैच रद्द कर दिया गया है। दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान में स्थिति आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसका असर अब वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में भारत और पाकिस्तान मैच पर पड़ा है। जहां पर मैच रद्द कर दिया गया है।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में मैच रद्द होने पर मांगी माफी

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स के मैच के रद्द होने पर डब्ल्यूसीएल ने माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि “WCL में हमने हमेशा क्रिकेट को महत्व दिया है और उससे प्यार किया है। हमारा लक्ष्य केवल फैंस को खुशी के पल देना है। इससे भी अधिक, हमने अनजाने में अपने भारतीय क्रिकेट दिग्गजों को असुविधा पहुंचाई, जिन्होंने देश का मान बढ़ाया है और हमने उन ब्रांडों को भी प्रभावित किया, जिन्होंने हमारा सपोर्ट किया था। इसलिए हमने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को रद्द करने का फैसला किया है। हम भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए एक बार फिर ईमानदारी से माफी मांगते हैं और आशा करते हैं कि लोग ये समझेंगे कि हम बस फैंस के लिए कुछ खुशी के पल लाना चाहते थे।”

हरभजन सिंह समेत इन खिलाड़ियों ने किया था खेलने से इनकार

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को रद्द करने के पीछे पांच भारतीय खिलाड़ियों का इस मैच से नाम वापस लेना था। हरभजन सिंह, शिखर धवन, इरफान पठान, यूसुफ पठान और सुरेश रैना ने पाकिस्तान के साथ मैच खेलने से मना किया था।