क्रिकेट

एजबेस्टन के बाद अब शुभमन गिल के पास है मैनचेस्टर में इतिहास रचने का मौका

भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। इस सीरीज में टीम इंडिया को कुल 5 मैच खेलने हैं। जिसके तीन मैच क्रमशः लीड्स, एजबेस्टन और लॉर्ड्स में खेले जा चुके हैं। अब मैनचेस्टर में सीरीज जीत के लिए मैच जीतना जरुरी है। लेकिन अगर शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ये मैच जीत जाती है, तो वो एजबेस्टन के बाद मैनचेस्टर में इतिहास रच देंगे।

मैनचेस्टर में टीम इंडिया रचेगी इतिहास

भारतीय टीम को 23 जुलाई से मैनचेस्टर के मैदान पर चौथा टेस्ट मैच खेलना है। लेकिन अगर आप इस मैदान के आंकड़े, देखें, तो काफी डरावने हैं। यहां पर भारतीय टीम को टेस्ट में एक भी जीत नसीब नहीं हुई है। भारत और इंग्लैंड के बीच में इस मैदान पर कुल 9 टेस्ट मैच खेले गए हैं। जहां पर टीम इंडिया ने 4 मैच हारे और 5 मैच ड्रॉ रहे हैं।

यहां बताना जरुरी है कि इस सीरीज में मिली एजबेस्टन जीत भी इसी तरह की जीत थी। वहां पर शुभमन गिल की टीम ने इतिहास रचकर सीरीज बराबर की थी। अब फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि मैनचेस्टर में भी गौतम गंभीर और शुभमन गिल की जोड़ी जीत हासिल कर सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ले।

साल 2007 से नहीं जीती टीम इंडिया

भारतीय टीम अगर मैनचेस्टर में जीत जाती है, तो टीम के सीरीज जीतने का भी सुनहरा मौका होगा। हैरान करने वाली बात ये है कि टीम इंडिया साल 2007 के बाद इंग्लैंड में जाकर सीरीज नहीं जीती है। भारतीय टेस्ट टीम के सबसे सफल कप्तान विराट कोहली भी इंग्लैंड में जीत हासिल नहीं कर सके हैं। लेकिन टेस्ट टीम के नए कप्तान शुभमन गिल के पास बतौर टेस्ट कप्तान ये बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।

जसप्रीत बुमराह खेलेंगे मैनचेस्टर टेस्ट

मैच शुरू होने से पहले भारतीय फैंस के लिए खुशखबरी सामने आई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कहा कि जसप्रीत बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा रहेंगे। बुमराह अब तक सीरीज के दो मैच खेल चुके हैं। इस दौरान खिलाड़ी ने कुल 12 विकेट अपने नाम किए हैं।