
चेस: इस साल एक और विश्वकप होस्ट करेगा भारत, आ गई तारीख
चेस की दुनिया में भारतीय खिलाड़ियों की स्किल्स के चलते भारत का नाम रोशन हो रहा है। मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश की जीत के बाद में देश में चेस को लेकर भी उत्साह बढ़ा है। तो अब चेस लवर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी आ गई है। इस साल 30 अक्तूबर से शुरू होने वाले शतरंज विश्वकप की मेजबानी भारत करने वाला है।
भारत में होगा चेस विश्वकप
इस साल चेस विश्वकप का आयोजन भारत में होने वाला है। 30 अक्तूबर से 27 नवंबर तक शतरंज विश्व कप की मेजबानी करेगा और इस प्रतियोगिता के लिए मेजबान शहर की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। विश्व में शतरंज की सर्वोच्च संस्था फिडे ने सोमवार को यह घोषणा की। बता दें, इस टूर्नामेंट में 206 खिलाड़ी प्रतिष्ठित खिताब और 2026 फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के क्वालिफिकेशन स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
साल 2002 में भारत ने की थी मेजबानी
भारत को चेस विश्वकप की मेजबानी आखिरी बार 2002 में मिली थी। हैदराबाद में इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। तब विश्वनाथन आनंद ने खिताब जीता था। आगामी प्रतियोगिता में खिलाड़ी नॉकआउट प्रारूप में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जहां प्रत्येक राउंड में हारने वाला खिलाड़ी बाहर हो जाएगा। फिडे ने कहा, ‘विश्व कप में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 2026 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालिफाई करेंगे।’
विश्वकप को लेकर उत्साहित हैं आयोजक
इस समय विश्व चेस चैंपियन डी गुकेश हैं, जोकि भारतीय खिलाड़ी है। इस वजह से भी भारत पर सभी की नजर है। बता दें, मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश, विश्व कप 2023 के उपविजेता आर प्रज्ञानानंद और वर्तमान में विश्व में पांचवें नंबर के खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी उन स्टार खिलाड़ियों में शामिल हैं जो इस पर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। फिडे के सीईओ एमिल सुतोव्स्की ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘हम फिडे विश्व कप 2025 को भारत में आयोजित करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि यह एक ऐसा देश है जहां शतरंज के प्रति काफी जुनून है।’




