अन्य खेल

पीवी सिंधू को हराने वाली उन्नति हुड्डा को मिली हार, फिर भी खिलाड़ी ने रचा इतिहास

भारतीय बैटमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा का नाम काफी सुर्खियों में है। खिलाड़ी का नाम पीवी सिंधू को हराने के बाद चर्चा में आया था। लेकिन अब उनका चाइना ओपन सुपर 1000 में सफर समाप्त हो गया है। कौन है ये खिलाड़ी? जानिए…

ओपन सुपर 1000 में खत्म हुआ स्वप्निल का सफर

भारतीय बैडमिंटन स्टार उन्नति हुड्डा का चाइना ओपन सुपर 1000 में स्वप्निल सफर समाप्त हो गया। वो शुक्रवार 25 जुलाई 2025 को क्वार्टर फाइनल में विश्व की चौथे नंबर की शटलर जापान की अकाने यामागुची से सीधे गेमों में हार गईं थीं। 17 साल की उन्नति हुड्डा 33 मिनट तक चले मैच में 16-21, 12-21 से हार गईं। हालांकि हार के बावजूद, ये टूर्नामेंट उन्नति के लिए खास रहा।

दरअसल, उन्होंने 24 जुलाई 2025 को अपनी आदर्श और 2 बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को प्री-क्वार्टर फाइनल में मात दी। उन्होंने 21-16, 19-21, 21-13 के सेट से पीवी सिंधू को हराकर करियर सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। पीवी सिंधु पर यह जीत सिर्फ एक उलटफेर भर ही नहीं, बल्कि भारतीय बैडमिंटन में एक नई स्टार के उभरने का संकेत भी है। उन्नति भले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई हों, लेकिन उन्होंने BWF सुपर 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली चौथी भारतीय महिला खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। इससे पहले यह उपलब्धि साइना नेहवाल, पीवी सिंधु और मालविका बंसोड़ के नाम रही है।

खिलाड़ी ने दी जापानी प्लेयर को कांटे की टक्कर

भारतीय खिलाड़ी उन्नति हुड्डा और अकाने यामागुची के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच की बात करें तो पहले गेम की शुरुआत में भारतीय किशोरी ने जापान की अनुभवी शटलर को कड़ी टक्कर दी। स्कोर बराबरी पर चल रहा था, लेकिन गेम के मध्य में यामागुची ने पांच लगातार अंक हासिल कर बढ़त बना ली और पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया। लेकिन अब उन्हें क्वार्टर फाइनल में ही हार के साथ अपने सफर को समाप्त करना पड़ा है।

जिसके बाद खिलाड़ी ने कहा कि ‘जब स्कोर बराबर था, तब मैं कई बार अनफोर्स्ड एरर कर रही थी। वह (यामागुची) अपने ड्रॉप शॉट्स में बहुत अच्छी थीं और उन्होंने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा।’ विश्व नंबर 4 यामागुची के साथ अपनी पहली भिड़ंत से क्या सीखा, यह पूछे जाने पर इस किशोरी ने कहा, ‘मुझे उनके खिलाफ और धैर्य रखना होगा, क्योंकि उनका डिफेंस वाकई बहुत अच्छा है। मैं पॉइंट पूरा करने की जल्दी में नहीं रह सकती। मुझे सही समय पर अटैक करने के लिए धैर्य रखना होगा।’