
जसप्रीत बुमराह का अनचाहा रिकॉर्ड, न चाहते हुए भी शतक बनाकर टीम इंडिया पर डाली मुसीबत
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड टीम के बीच में मैनचेस्टर के मैदान पर रोमांचक खेल जारी है। इस मैच का चौथा दिन बीत चुका है। भारतीय टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर टिके हुए हैं। लेकिन इसके बाद भी टीम इंडिया की जीत की राह मुश्किल दिख रही है। इस टेस्ट मैच में टीम इंडिया की ओर से जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन पर काफी सवाल उठे हैं। काफी समय के बाद बुमराह ने टेस्ट में निराश किया है।
बुमराह का मैनचेस्टर में शर्मनाक कारनामा
भारतीय टीम ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में काफी कमदोर दिखाई दी। गेंदबाजों को इंग्लिश बल्लेबाजों के खिलाफ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और खुलकर रन बनाते हुए 200 रन से ज्यादा की बढ़त हासिल कर ली। इस दौरान टीम इंडिया के हर गेंदबाज पर रन की बारिश हुई। जहां पर जसप्रीत बुमराह भी कुछ असर नहीं डाल सके थे।
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड में धमाकेदार शुरुआत की थी। लीड्स में 5 विकेट झटक और फिर लॉर्ड्स में पहली पारी में 5 विकेट लेकर खिलाड़ी ने दिग्गज होने के सुबूत दिए थे। लेकिन मैनचेस्टर टेस्ट में वो बेदम नजर आए और इसका असर उनके शानदार रिकॉर्ड पर लगे दाग के रूप में नजर आया। मैच के चौथे दिन जब बुमराह अपना 32वां ओवर करने आए तो पहली ही गेंद पर बेन स्टोक्स ने एक रन ले लिया।
भारतीय पेसर ने अपने टेस्ट करियर में अनचाहा शतक लगा दिया। दरअसल, साल 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से ही बुमराह ने एक भी पारी में 100 रन नहीं खर्चे थे। इससे पहले दिसंबर 2024 में मेलबर्न टेस्ट में उन्होंने 99 रन दिए थे, जो उनका सबसे खराब प्रदर्शन था। लेकिन अपने 48वें टेस्ट और 91वीं पारी में बुमराह ने भी 100 रन लुटा ही दिए हैं।
खिलाड़ी ने लिए सिर्फ दो विकेट
भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज ने हालांकि, इस स्थिति तक पहुंचने से पहले बुमराह ने चौथे दिन की शुरुआत विकेट के साथ की थी. उन्होंने लियम डॉसन को क्लीन बोल्ड करते हुए इस पारी में अपनी दूसरी सफलता हासिल की थी. वैसे सिर्फ बुमराह ही नहीं, बल्कि उनके साथी अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी इस पारी में 100 से ज्यादा रन लुटा दिए थे. उनके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने भी इस पारी में 100 से ज्यादा रन खर्च कर दिए.




