
सुंदरलैंड AFC ने लॉन्च की नई होम किट, फैन्स के लिए खास डिज़ाइन
सुंदरलैंड एफसी ने 2025-26 सीज़न के लिए नई होम किट लॉन्च की है, जो 1986-88 की जर्सी से प्रेरित है। डिज़ाइन में शहर और क्लब के जुड़ाव को दर्शाया गया है। फैन्स के लिए क्लासिक स्ट्राइप वर्जन बरकरार रखा गया है।
सुंदरलैंड फुटबॉल क्लब ने अपनी 2025-26 सीज़न की नई होम किट का अनावरण कर दिया है। ये किट क्लब स्टोर और ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध है। फैन्स के लिए यह सिर्फ एक नई जर्सी नहीं, बल्कि क्लब की विरासत और भविष्य के सफर का प्रतीक है।
1986-88 की जर्सी से प्रेरणा
इस बार की किट का डिज़ाइन क्लब की 1986-88 वाली आइकोनिक जर्सी से प्रेरित है। सबसे खास बात यह है कि लगभग तीन दशक बाद क्लब ने फिर से लोगो को जर्सी के बीचों-बीच रखा है। इससे किट को एक रेट्रो लेकिन फ्रेश लुक मिला है।
ब्रिज डिज़ाइन और शहर से कनेक्शन
नई जर्सी की सफेद धारियों में हल्का-सा वर्टिकल पैटर्न दिया गया है, जो सुंदरलैंड के नए ‘कील क्रॉसिंग ब्रिज’ से इंस्पायर्ड है। यही ब्रिज कॉलर के अंदर और गर्दन के पीछे भी छपा है, साथ ही लिखा है, “Connecting the City and Stadium”। ये लाइन बताती है कि क्लब और शहर का रिश्ता सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं है।
गोलकीपर की किट में लोकल टच
गोलकीपर की नई जर्सी भी खास है, जो ब्रिज होटल की सजावटी टाइलों से प्रेरित है। इससे साफ है कि क्लब अपनी लोकल विरासत को जर्सी डिज़ाइन के ज़रिए जिंदा रखने की कोशिश कर रहा है। क्लब ने बताया कि ये नई किट वयस्कों और जूनियर्स दोनों के लिए उपलब्ध होगी। इसके अलावा फुल होम कलेक्शन में एंथम जैकेट, क्वार्टर ज़िप जैकेट, प्री-मैच टॉप और ‘सन’लुन’ हुडी और टी-शर्ट भी शामिल हैं। स्पॉन्सरशिप की बात करें तो, वयस्क किट पर डब्लू-88 और जूनियर किट पर Utilita प्रायोजक के रूप में शामिल हैं।
फैन्स के लिए पूरी स्ट्राइप वर्जन ही रहेगा
खिलाड़ियों की शर्ट में भले ही प्रीमियर लीग नियमों के अनुसार नंबर के लिए ठोस पैनल दिया गया हो, लेकिन क्लब ने फैन्स के लिए पूरी तरह स्ट्राइप वाली क्लासिक डिज़ाइन को ही रखा है। यह फैसला फैन्स की भावनाओं को ध्यान में रखकर लिया गया। किट लॉन्च के मौके पर क्लब स्टोर में एक खास इवेंट भी हुआ, जहां फैन्स को प्ले-ऑफ फाइनल ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाने का मौका मिला — वही ट्रॉफी जिसने सुंदरलैंड को प्रीमियर लीग में वापस पहुंचाया।




