
टिम डेविड की ताबड़तोड़ सेंचुरी से कंगारूओं की सीरीज पर कब्ज़ा, वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 में 6 विकेट से रौंदा
टिम डेविड की 37 गेंदों में शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की. डेविड ने 11 छक्के और 6 चौके लगाकर मैच पूरी तरह पलट दिया.
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी सबसे जबरदस्त पारी खेलते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे मैच में सिर्फ 37 गेंदों पर शतक जड़ दिया. डेविड की इस नाबाद 102 रन की पारी ने वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप की सेंचुरी को भी फीका कर दिया. डेविड ने 11 छक्के और 6 चौके लगाकर कुल 275.68 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त दिला दी.
वेस्टइंडीज की दमदार शुरुआत, लेकिन कम पड़ गए रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप और ब्रैंडन किंग की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट पर 214 रन बनाए. शाई होप ने 57 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए जिसमें 6 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. वहीं ब्रैंडन किंग ने भी 36 गेंदों पर 62 रन की तेजतर्रार पारी खेली. लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने इस बड़े स्कोर को बौना साबित कर दिया.
ऑस्ट्रेलिया की चेजिंग मशीन बनी डेविड की बल्लेबाज़ी
215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने केवल 16.1 ओवर में 4 विकेट पर जीत हासिल कर ली. पारी की शुरुआत मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल ने की जिन्होंने तेजी से रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी. लेकिन असली कमाल टिम डेविड का रहा, जिन्होंने अकेले दम पर मैच का रुख पलट दिया. मिचेल ओवन भी 16 गेंदों पर 36 रन बनाकर नाबाद लौटे.
डेविड ने बनाया नया ऑस्ट्रेलियन रिकॉर्ड
इस तूफानी पारी के साथ टिम डेविड ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. हालांकि वो रोहित शर्मा के 35 गेंदों वाले रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सके, लेकिन उन्होंने अपने नाम एक खास मुकाम दर्ज कर लिया. वेस्टइंडीज अब सीरीज से बाहर हो चुका है और ऑस्ट्रेलिया की नजर अब क्लीन स्वीप पर टिकी है.




