
मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद इंग्लैंड को प्वाइंट्स टेबल में लगा झटका, जानिए अपडेट
भारतीय टीम ने इंग्लैंड के साथ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ ही आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की शुरुआत की है। इस सीरीज से ही शुभमन गिल टीम के कप्तान बने हैं। हालांकि टीम इंडिया सीरीज में 1-2 से पीछे हैं। लेकिन मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम को प्वाइंट्स टेबल में फायदा मिला है, तो इंग्लैंड टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है।
मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद इंग्लैंड को लगा झटका
भारत और इंग्लैंड के बीच में मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस मैच में दोनों ही टीमों की ओर से दमदार खेल देखने को मिला और 5 दिन तक चले मैच के बाद भी नतीजा नहीं निकल सका। इस मुकाबले के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में बदलाव देखने को मिला।
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2-25-27 में भारतीय टीम चौथे स्थान पर बना हुआ है। अब तक खेले 4 मैचों में टीम इंडिया को एक में जीत हासिल की है और 2 मैचों में हार का सामना किया है। वहीं, एक ड्रॉ रहा है। भारत के अब 16 WTC पॉइंट्स हो गए हैं और 33.33 पॉइंट्स परसेंटेज हो गए हैं। इस मैच के बाद टीम इंडिया के पॉइंट्स परसेंटेज में कोई बदलाव नहीं आया है। लेकिन इंग्लैंड को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।
लॉर्ड्स में भारत को हराने के बाद इंग्लिश टीम के पास 24 पॉइंट्स हो गए थे और पॉइंट्स परसेंटेज 66.67 थे। लेकिन इसके बाद स्लो ओवर रेट के चलते इंग्लैंड के पॉइंट्स 24 से घटकर 22 रह गए थे और पॉइंट्स परसेंटेज 61.11 पर आ गया था। मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद उसे पॉइंट्स 26 जरूर हो गए हैं, लेकिन पॉइंट्स परसेंटेज 54.17 पर आ गया है, यानी उसे पॉइंट्स परसेंटेज में नुकसान का सामना करना पड़ा है। हालांकि, वह तीसरे नंबर पर बरकरार है।
ऑस्ट्रेलिया है नंबर-1
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की प्वाइंट टेबल को देखें, तो ऑस्ट्रेलिया पहले नंबर पर बनी हुई है। उसने 3 मैच खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है, जिसके चलते उसका पॉइंट्स परसेंटेज 100.00 है। वहीं, श्रीलंका 2 मैचों में 1 जीत और 1 ड्रॉ के साथ दूसरे नंबर पर बना हुआ है। उसका पॉइंट्स परसेंटेज 66.67 है। इनके अलावा बांग्लादेश 5वें और वेस्टइंडीज छठे स्थान पर है। वहीं, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का अब तक कोई मैच नहीं खेला है।




