क्रिकेट

ओवल टेस्ट में टीम इंडिया करेगी 4 बदलाव? इस खिलाड़ी का होगा डेब्यू

भारतीय टीम ओवल के मैदान पर 31 जुलाई से होने वाले टेस्ट मैच को खेलने के लिए तैयार है। यहां पर कप्तान शुभमन गिल जीत दर्ज करके बतौर कप्तान अपनी पहली सीरीज ड्रॉ कराने की कोशिश में लगे हैं। जीत के लिए शुभमन गिल टीम में कुल 4 बदलाव कर सकते हैं।

टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में हो सकते हैं 4 बदलाव

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट के आखिरी मैच में कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर कुल 4 बदलाव कर सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल जसप्रीत बुमराह को लेकर है। बताया जा रहा है कि जसप्रीत बुमराह को आराम देकर अर्शदीप सिंह को मौका दिया जा सकता है। वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक, इंजरी की वजह से टीम से बाहर हुए ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरैल का खेलना तय लग रहा है।

इसी के साथ ही तेज गेंदबाजी के मोर्चे पर आकाश दीप की वापसी हो सकती है। आकाश दीप इंजरी के चलते मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट नहीं खेल पाए थे। अगर आकाश दीप आते हैं, जिसकी संभावना दिख रही है तो अंशुल कंबोज को टीम से बाहर होना पड़ सकता है। ओवल टेस्ट में कुलदीप यादव के खेलने की भी संभावना बन रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि नेट्स पर वो लगातार पसीना बहाते दिख रहे हैं।

ओवल में चाहिए सिर्फ जीत

भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल के मैदान पर एक रोमांचक मुकाबले देखने की पूरी उम्मीद है। इस मैच में टीम इंडिया को हर हालात में जीत चाहिए। कप्तान शुभमन गिल जीत के साथ सीरीज ड्रॉ करा सकते हैं। अगर इंग्लिश टीम मैच जीत जाती है या फिर मैच ड्रॉ भी रहता है, तो इंग्लैंड ये सीरीज जीत जाएगी। मौजूदा समय में टीम इंडिया सीरीज में 1-2 से पीछे हैं।

ओवल टेस्ट के लिए संभावित टीम इंडिया

शुभमन गिल ( कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरैल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और अर्शदीप सिंह