
सेमीफाइनल में पाकिस्तान के साथ खेलने से किया टीम इंडिया ने इनकार, फिर रद्द होगा मुकाबला
वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स में इंडिया चैंपियंस का पहला मैच ही रद्द हुआ था। कारण था कि ये मैच भारतीय टीम और पाकिस्तानी टीम के बीच में खेला जाना था। जहां पर पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ खेलने से मना कर दिया था। जिसके बाद मुकाबले को रद्द करना पड़ा था। अब एक बार फिर से वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला रद्द हो सकता है।
रद्द होगा भारत और पाकिस्तान का मैच
वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स इंग्लैंड में खेला जा रहा है। यहां पर ये लीग कुल 6 देशों के बीच जारी है। 31 जुलाई को इस लीग के सेमीफाइनल मैच खेले जाने हैं। पहला सेमीफानल मैच इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस की टीमों के बीच शेड्यूल है। इंडिया चैंपियंस ने गुरुवार को होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है। भारतीय लेजेंड खिलाड़ियों ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम पाकिस्तान के साथ खेलने से साफ इनकार कर दिया है। यह फैसला लीग स्टेज के मैच के बाद लिया गया है, जब भारतीय खिलाड़ियों और टूर्नामेंट के एक मेन स्पॉन्सर ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने पर आपत्ति जताई थी।
इसी सीजन रद्द हो चुका है मुकाबला
वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स में ये इस सीजन में पहला मौका नहीं है। इससे पहले लीग स्टेज में भी इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच एक मैच खेला जाना था। लेकिन तब भी भारतीय खिलाड़ियों ने मैच ना खेलने का फैसला लिया था और दोनों टीमों के बीच पॉइंट्स को बांटा गया था। लेकिन इस बार ये एक नॉकआउट मैच है और दांव पर फाइनल का टिकट है। अब सवाल है कि सेमीफाइनल किन टीमों के बीच होगा।
वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स में टीम इंडिया है डिफैंडिंग चैंपियन
इंडिया चैंपियंस ने मंगलवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में वेस्टइंडीज चैंपियंस को सिर्फ 13.2 ओवर में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। ये इस सीजन में इंडिया चैंपियंस की पहली जीत भी थी, जिसके चलते वह सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब रही है। इससे पहले इंडिया चैंपियंस को साउथ अफ्रीका चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। बता दें, वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स का पिछला सीजन युवराज सिंह की कप्तानी में इंडिया चैंपियन ने जीता था।




