
ओवल टेस्ट से पहले डबल झटका: बुमराह भी बाहर, सीरीज बराबरी की उम्मीद पर संकट
ओवल टेस्ट से पहले भारत को ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति से दोहरा झटका लगा है। अब टीम की सीरीज बराबरी की उम्मीदें कमजोर पड़ गई हैं और जिम्मेदारी युवा खिलाड़ियों पर आ गई है।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का पांचवां और अंतिम टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के ओवल मैदान में खेला जाएगा. लेकिन इस निर्णायक मुकाबले से पहले टीम इंडिया को दोहरे झटके का सामना करना पड़ा है. पहले से ही चोटिल ऋषभ पंत मैच से बाहर थे, और अब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी आराम दिया गया है. ऐसे में भारत की सीरीज बराबरी की उम्मीदें कमजोर होती नजर आ रही हैं.
बुमराह को लेकर मेडिकल टीम का बड़ा फैसला
बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बुमराह को पीठ की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ओवल टेस्ट से बाहर रखने का निर्णय लिया है. यह फैसला पूरी तरह चौंकाने वाला नहीं है, क्योंकि पहले से योजना थी कि बुमराह इंग्लैंड दौरे पर तीन ही टेस्ट खेलेंगे. हालांकि इस निर्णायक मैच में उनकी अनुपस्थिति टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकती है, खासकर जब सीरीज 2-2 से ड्रॉ करने का लक्ष्य सामने हो.
थकान के संकेत: ओल्ड ट्रैफर्ड में बुमराह दिखे फीके
ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में बुमराह की थकावट साफ नजर आई थी. उन्होंने 33 ओवर में सिर्फ 2 विकेट लिए और पहली बार अपने टेस्ट करियर में एक पारी में 100 से अधिक रन लुटा दिए. यह प्रदर्शन उनकी सीमित फिटनेस की ओर इशारा करता है और इसीलिए उन्हें रेस्ट देना जरूरी समझा गया.
आकाश और अर्शदीप पर अब टिकी उम्मीदें
गौतम गंभीर ने हाल में बताया था कि सभी तेज गेंदबाज अब फिट हैं, यानी आकाश दीप और अर्शदीप सिंह चोट से उबर चुके हैं. आकाश दीप ने इस सीरीज में भारत को एकमात्र जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. ऐसे में उनकी वापसी तय मानी जा रही है. वहीं अर्शदीप को भी डेब्यू का मौका मिल सकता है, जिससे बुमराह की गैरहाजिरी में तेज गेंदबाजी की धार बरकरार रह सके.
बड़ा मुकाबला, नई जिम्मेदारियां
ऋषभ पंत और बुमराह के बाहर होने से टीम इंडिया की कमान अब युवाओं के कंधों पर होगी. कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत को संतुलित टीम उतारनी होगी ताकि जीत हासिल कर सीरीज 2-2 से बराबर की जा सके. मैदान पर उतरने वाले 11 खिलाड़ियों पर अब करोड़ों नजरें टिकी होंगी.




