
ओवल टेस्ट में भी इंतज़ार लंबा: तीन खिलाड़ी जो पूरी सीरीज बेंच पर बैठे रह गए
भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में कुलदीप यादव, अभिमन्यु ईश्वरन और अर्शदीप सिंह को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। लगातार फ्लॉप खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने पर फैंस और एक्सपर्ट्स ने टीम मैनेजमेंट की सोच पर सवाल उठाए हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान में जारी है. पहले चार मैचों के बाद टीम इंडिया 1-2 से पीछे है. इस निर्णायक मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने चार बड़े बदलाव किए, लेकिन फिर भी कुछ खिलाड़ियों को पूरी सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला.
कुलदीप यादव: चाइनामैन का इंतज़ार जारी
टीम इंडिया के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर है. पहले टेस्ट से ही उनकी प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की मांग उठती रही, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने एक भी मैच में उन्हें मौका नहीं दिया. मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भी उम्मीद थी कि वे उतरेंगे, लेकिन फैसला उनके खिलाफ गया. ओवल टेस्ट में भी जब अंतिम-11 घोषित हुई, तो उनका नाम नदारद रहा.
अभिमन्यु ईश्वरन: ओपनिंग का मौका नहीं मिला
दूसरा नाम है टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन का. ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी वे स्क्वाड में रहे थे, लेकिन तब भी डेब्यू नहीं कर पाए थे. इंग्लैंड सीरीज में यशस्वी जायसवाल का फॉर्म गिरा, नंबर-3 पर करुण नायर और साई सुदर्शन फ्लॉप हुए, बावजूद इसके ईश्वरन को मौका नहीं मिला. उनके लिए यह एक और अधूरा दौरा साबित हुआ.
अर्शदीप सिंह: डेब्यू की उम्मीद टूटी
तीसरा नाम है लेफ्ट-आर्म पेसर अर्शदीप सिंह का, जो पूरे दौरे में अपने टेस्ट डेब्यू का इंतजार करते रहे. ओवल टेस्ट से पहले जसप्रीत बुमराह को आराम और अंशुल कंबोज को ड्रॉप किए जाने से दो स्लॉट खाली हुए थे. माना जा रहा था कि अर्शदीप को मौका मिलेगा, लेकिन टीम ने आकाशदीप को लाकर और प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी करवा कर उन्हें फिर बाहर रखा.
मैनेजमेंट की सोच पर सवाल
पूरी सीरीज में इन तीन खिलाड़ियों को बेंच पर रखना कई क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस को हैरान कर रहा है. फॉर्म में न चल रहे खिलाड़ियों के बावजूद उन्हें लगातार मौके मिलते रहे, जबकि नए चेहरों को आज़माने की हिम्मत टीम ने नहीं दिखाई. अब ये सवाल बना हुआ है कि क्या टीम इंडिया का यह रुख भविष्य में बदल पाएगा या नहीं.




