
भारतीय खिलाड़ी ने अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप अपने नाम कर ली है। भारतीय पहलवान रचना और अश्विनी विश्रोई ने विश्व चैंपियनशिप अपने नाम करके विश्व पटल पर अपनी छाप छोड़ने के साथ ही देश का नाम भी रोशन किया है।
भारतीय महिला पहलवानों ने जीता टूर्नामेंट
भारतीय पहलवान रचना ने 43 किलोग्राम कैटेगरी में और अश्विनी विश्नोई ने 65 किलोग्राम कैटेगरी में गुरुवार को अंडर-17 विश्व चैंपियनशिप अपने नाम कर ली है। हालांकि,भारतीय खिलाड़ी मोनी महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल से चूक गईं हैं। रचना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में चीन की शिन हुआंग को 3-0 से हराया जबकि अश्विनी ने उज्बेकिस्तान की मुखय्यो राखिमजोनोवा को इसी अंतर से मात दी।
मोनी को मिला सिल्वर मेडल, कोमल ने जीता कांस्य
कजाकिस्तान की मदखिया उस्मानोवा के खिलाफ मोनी को कड़े मुकाबले में 5-6 से हार मिली। जिसके बाद उन्हें सिल्वर मेडल में संतोष करना पड़ा। कोमल वर्मा ने 49 किग्रा वर्ग में देश को कांस्य पदक दिलाया। उन्होंने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में एनहेलिना बुर्किना को 8-3 से हराया। भारत के कम से कम दो और पदक पक्के हो गए हैं जिसमें यशिता (61 किग्रा) और काजल (73 किग्रा) खिताबी मुकाबले में उतरेंगी जबकि मनीषा 69 किग्रा में कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी।
हालांकि, गुरुवार को सभी भारतीय पहलवान पोडियम तक नहीं पहुंच पाए। प्रीति यादव (40 किग्रा) और कशिश गुर्जर (46 किग्रा) क्वार्टर फाइनल में क्रमशः मैसी अन्ना क्लेयर इलियट और जैकलिन रोज़ बुज़ाकिस से हारकर बाहर हो गईं। सारिका 53 किग्रा भार वर्ग में जापान की रियोन ओगावा से हारकर क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गईं। लेकिन भारत के पहलवानों ने देश का नाम रोशन किया है।




