क्रिकेट

शराब की लत ने छीना करियर, कोमा तक पहुंचाया, राइडर की बर्बादी की दास्तां

भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कीवी बल्लेबाज जैसी राइडर, शराब की लत ने छीना टीम से भरोसा, करियर रहा विवादों से भरा

न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर जैसी राइडर को कभी कीवी टीम के सबसे काबिल खिलाड़ियों में गिना जाता था लेकिन उनके क्रिकेट करियर की चमक ज्यादा समय बरकरार नहीं रह सकी. जिसकी सबसे बड़ी वजह उनकी शराब पीने की लत बनी. जिसकी वजह से राइडर मैदान से ज्यादा विवादों में बने रहे. 6 अगस्त को 41 साल के हो चुके जैसी राइडर की जिंदगी खेल से ज्यादा नशे और विवादों को लेकर चर्चा में बनी रही.

जैसी राइडर ने साल 2008 में न्यूजीलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना शुरू किया था. राइडर ने कुल 88 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 3000 से ज्यादा रन बनाए. राइडर की खास बात ये रही है कि उन्होंने अपने करियर में 6 शतक जड़े, जिनमें से 4 सिर्फ भारत के खिलाफ बनाए थे. उनका एक शतक तो दोहरा शतक था. भारत के खिलाफ राइडर ने 19 मैचों में 43.04 की औसत से रन बनाए, जो उनके कुल करियर औसत 33.56 से कहीं ज्यादा थे. भारत की जमीन पर तो राइडर ने 54.80 की औसत से रन बनाए. इससे साफ जाहिर होता है कि भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ उनका बल्ला खूब जमकर चलता था.

मगर क्रिकेट से ज्यादा राइडर अपनी शराब की आदत और झगड़ों को लेकर सुर्खियों में छाए रहे. जिन्होंने उनके करियर को बर्बाद करके रख दिया. इनमें से सबसे गंभीर घटना मार्च 2013 में हुई थी, जब क्राइस्टचर्च के एक बार में शराब पीकर हुए झगड़े के बाद उन्हें बुरी तरह पीटा गया था. इस झगड़े में उन्हें इतनी चोटें आईं थीं कि वे कोमा में चले गए थे. इस दौरान राइडर को अस्पताल में एक हफ्ते तक भर्ती रहना पड़ा था.

साल 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए एक मैच के बाद राइडर देर रात तक शराब पीते रहे थे, जिसकी वजह से वे अगली सुबह टीम मीटिंग में नहीं पहुंच पाए थे. जिसका नतीजा ये हुआ कि उन्हें अगले वनडे से बाहर कर दिया गया. इसके बाद साल 2014 में भारत के खिलाफ एक टाई मैच के बाद भी वे नशे में नजर आए, जिससे उन्हें टेस्ट टीम और T20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर कर दिया गया था.

देखा जाए तो राइडर का करियर हर उस युवा के लिए एक सबक है. जो कि शराब की लत को नहीं छोड़ पा रहा है. कहा जाता है कि बुरी आदतें छोड़ने में वक्त लगता है मगर अगर हम कुछ ठान लें तो ये नामुमकिन भी नहीं है.