
एशिया कप के टी20 इतिहास में सिर्फ दो शतकवीर – विराट कोहली और बाबर हयात का अनोखा रिकॉर्ड
टी20 एशिया कप में अब तक सिर्फ विराट कोहली और बाबर हयात ने शतक जड़े हैं। कोहली का 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक ऐतिहासिक रहा। 2025 टूर्नामेंट में वह नहीं खेलेंगे, लेकिन उनका रिकॉर्ड प्रेरणा बना रहेगा।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और रन मशीन विराट कोहली इस वक्त भारत के लिए सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं. मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जबकि टी20 इंटरनेशनल को वह पहले ही अलविदा कह चुके हैं. कोहली ने 2024 में भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद इस फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी. इसके बावजूद टी20 में उनके नाम कई ऐसे रेकॉर्ड्स दर्ज हैं, जिन्हें आज भी कोई खिलाड़ी तोड़ नहीं पाया है.
एशिया कप और कोहली का सुनहरा लम्हा
एशिया कप 2025 की शुरुआत होने वाली है और इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. ऐसे में विराट कोहली का वह ऐतिहासिक पल एक बार फिर चर्चा में है, जब उन्होंने एशिया कप 2022 में धमाकेदार शतक जमाया था. यह मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर-4 स्टेज पर हुआ था, जहां कोहली ने पारी की शुरुआत करते हुए अपनी पहली टी20 इंटरनेशनल सेंचुरी ठोकी.
1020 दिन बाद आई थी 71वीं सेंचुरी
अफगानिस्तान के खिलाफ कोहली का बल्ला जमकर गरजा. उन्होंने महज 61 गेंदों में 12 चौके और 6 छक्के की मदद से नाबाद 121 रन बनाए. यह उनके करियर का पहला टी20 शतक था और इंटरनेशनल क्रिकेट की 71वीं सेंचुरी. खास बात यह थी कि यह शतक 1020 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आया था. कोहली की इस पारी ने भारत को बड़ी जीत दिलाने के साथ-साथ उनके करियर को नई ऊर्जा दी थी.
एशिया कप में सिर्फ दो शतकवीर
टी20 एशिया कप के इतिहास में कोहली का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज है. वह इस टूर्नामेंट में शतक जमाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने. दिलचस्प बात यह है कि अब तक पूरे टी20 एशिया कप में सिर्फ दो खिलाड़ियों ने ही शतक लगाया है. कोहली के अलावा यह कारनामा सिर्फ हांगकांग के बल्लेबाज बाबर हयात कर पाए हैं. न तो पाकिस्तान, न श्रीलंका और न ही बांग्लादेश का कोई खिलाड़ी इस उपलब्धि को हासिल कर पाया है.
कोहली का रिकॉर्ड बनेगा प्रेरणा
एशिया कप 2025 में भले ही विराट कोहली हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन उनका यह रिकॉर्ड आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा. भारत समेत एशियाई क्रिकेटर आज भी कोहली की उस पारी को याद कर ऊर्जा लेते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार कोई और बल्लेबाज एशिया कप टी20 इतिहास में शतकवीरों की इस छोटी-सी लिस्ट में शामिल हो पाता है या नहीं.
W88 Sports News




