
GST में बदलाव का क्रिकेट प्रेमियों पर भी दिखेगा असर, अब इतना महंगा हो जाएगा IPL का टिकट !
GST काउंसिल ने IPL टिकटों पर टैक्स 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया है। अब फैंस को हर टिकट पर 100–200 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। इस बदलाव का असर IPL 2026 सीजन से दिखेगा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बुरी खबर है. दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL के टिकट अब और महंगे हो जाएंगे. दरअसल 3 सितंबर को नई दिल्ली में हुई GST काउंसिल की बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में ये बड़ा फैसला लिया गया. अब तक IPL टिकट पर 28% GST लगता था, लेकिन नई दर के तहत ये सीधे 40% हो गया है. इस बढ़ोतरी का असर IPL 2026 सीजन से दिखेगा.
जेब पर भारी होंगी टिकटें
नई दरों के चलते फैंस को हर टिकट पर 100–200 रुपये ज्यादा चुकाने पड़ेंगे. पहले 1000 रुपये की टिकट पर 28% टैक्स लगकर कीमत 1280 रुपये होती थी, लेकिन अब 40% टैक्स के साथ ये 1400 रुपये हो जाएगी. 500 रुपये की टिकट अब 700 रुपये और 2000 रुपये की टिकट 2800 रुपये में मिलेगी यानी हर वर्ग के दर्शकों को सीधा आर्थिक झटका लगेगा.
स्टेडियम में घट सकते हैं दर्शक
टिकट महंगे होने का असर स्टेडियम में पहुंचने वाले फैंस की संख्या पर पड़ सकता है. IPL जैसे टूर्नामेंट में हजारों दर्शक लाइव रोमांच लेने आते हैं, लेकिन महंगी टिकटें उनके बजट से बाहर जा सकती हैं. इससे IPL की लोकप्रियता पर भी असर देखने की आशंका है. वहीं, मान्यता प्राप्त खेल आयोजनों को राहत मिली है, बताया जा रहा है कि 500 रुपये तक के टिकट पर कोई टैक्स नहीं लगेगा और उससे ज्यादा के टिकट पर सिर्फ 18% GST लागू होगा.
सट्टेबाजी और गेमिंग पर भी बढ़ा टैक्स
GST काउंसिल ने सिर्फ IPL टिकट ही नहीं, बल्कि सट्टेबाजी, जुए, लॉटरी, घुड़दौड़ और ऑनलाइन मनी गेमिंग जैसी गतिविधियों पर भी 40% GST लगाने का फैसला किया है. सरकार का मकसद इन क्षेत्रों को सख्ती से रेगुलेट करना और राजस्व बढ़ाना है. कुल मिलाकर क्रिकेट का रोमांच अब और महंगा हो गया है. सवाल ये है कि क्या बढ़े हुए GST के बाद भी IPL स्टेडियम फुल हाउस रहेंगे या फिर फैंस टीवी और मोबाइल पर मैच देखना ही पसंद करेंगे.
W88 Sports News




