
150 KMph का कहर! कार्तिक त्यागी ने पलट दिया मैच, मेरठ मैवरिक्स फाइनल में
कार्तिक त्यागी की 150 किमी/घंटा रफ्तार वाली गेंदबाजी से मेरठ मैवरिक्स ने यूपी T20 लीग 2025 के फाइनल में जगह बनाई। लखनऊ फाल्कंस को 19 रनों से हराकर अब 6 सितंबर को काशी रुद्रास से खिताब भिड़ेगी।
यूपी T20 लीग 2025 का फाइनल मुकाबला तय हो गया है. मेरठ मैवरिक्स ने लखनऊ फाल्कंस को 19 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. अब 6 सितंबर को मेरठ का सामना काशी रुद्रास से खिताबी भिड़ंत में होगा. यह जीत खास रही क्योंकि टीम रिंकू सिंह के बिना मैदान में उतरी थी और कप्तानी की जिम्मेदारी माधव कौशिक ने संभाली.
भुवनेश्वर कुमार का शुरुआती झटका
क्वालिफायर-2 में टॉस जीतकर मेरठ ने पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने उनके फैसले को गलत साबित कर दिया. भुवनेश्वर ने पारी के पहले ही ओवर में दो विकेट चटकाकर मेरठ की रीढ़ हिला दी. अक्षय दूबे और ऋतुराज शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौटे. शुरुआती झटकों के बाद मेरठ के चार विकेट केवल 29 रन पर गिर गए.
दिव्यांश-प्रशांत की साझेदारी ने संभाली पारी
मुश्किल हालात में दिव्यांश राजपूत और प्रशांत चौधरी ने पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को संभाला. दिव्यांश ने 45 गेंदों पर 67 रन बनाए, जबकि प्रशांत ने 30 रन का योगदान दिया. उनकी बदौलत मेरठ ने 20 ओवर में 143 रन बनाए और लखनऊ को 144 रनों का लक्ष्य दिया.
कार्तिक त्यागी का तूफानी स्पेल
लखनऊ ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े. लेकिन तभी कार्तिक त्यागी ने रफ्तार का तूफान खड़ा कर दिया. 150 KMph की स्पीड से गेंदबाजी करते हुए त्यागी ने एक ही ओवर में दो विकेट चटकाए और एक रन आउट कराया. उनके इस स्पेल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए और 9 डॉट गेंदें फेंकी.
लखनऊ की पारी ढही, मेरठ ने जीता
लखनऊ के विकेटकीपर अराध्य यादव ने 54 रन की पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके. पूरी टीम 20 ओवर में 124 रन ही बना पाई और मेरठ ने मुकाबला 19 रनों से जीत लिया. विजय कुमार ने दो, जबकि जेशान अंसारी ने एक विकेट लिया.
W88 Sport News




